पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलुधियाना. लर्निंग लाइसेंस के लिए कंप्यूटराइज्ड टेस्ट शुरू हो गया। ट्रैफिक चिल्ड्रन पार्क में ट्रांसपोर्ट मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ ने इसका शुभारंभ किया। विभाग द्वारा नए बनाए सेंटर में इस प्रक्रिया के लिए 20 टैब की व्यवस्था की है। योजना के तहत आवेदनकर्ता को 30 सेकेंड के भीतर ट्रैफिक नियमों संबंधी 10 सवालों के जवाब देने होंगे। छह सही जवाब देने पर ही लाइसेंस प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। नहीं तो एक सप्ताह बाद फिर से आवेदन करना होगा।
खास बात यह है कि एक साथ बैठे 20 परीक्षार्थियों के बावजूद नकल की कोई गुंजाइश नहीं होगी, क्योंकि इस बाबत सर्वर में 150 सवाल फीड किए गए हैं। हर टैब पर अलग ही 10 सवाल आएंगे। नई प्रक्रिया पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री कोहाड़ ने कहा कि योजना का मकसद है कि किसी भी ऐसे प्रार्थी को लर्निंग लाइसेंस न जारी हो, जिसे ट्रैफिक नियमों का ही पता न हो। इस दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल, डीसी रजत अग्रवाल, डीटीओ अनिल गर्ग, विधायक सिमरजीत सिंह बैंस व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण बांसल उपस्थित रहे।
मंत्री कोहाड़ की गाड़ी पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं
लर्निंग लाइसेंस सेंटर पर पहुंचे ट्रांसपोर्ट मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ की गाड़ी पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी हुई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कोहाड़ ने कहा कि वह कल ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवा लेंगे। समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री के सलाहकार महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल व मेयर हरचरण सिंह गोहलवडिय़ा की गाडिय़ों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर की बजाय साधारण नंबर प्लेट ही लगी हुई थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.