लुधियाना। सतगुरु प्रताप सिंह अपोलो हॉस्पिटल में दाखिल स्वाइन फ्लू के 57 वर्षीय मरीज की बुधवार को मौत हो गई। उसे पहले बठिंडा के आदेश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में दाखिल कराया गया था। स्वाइन फ्लू कनफर्म होने के बाद उसे 1 फरवरी को लुधियाना के अपोलो अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। बुधवार को उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही लुधियाना में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 3 हो गई है। हालांकि पिछले दो दिनों से स्वाइन फ्लू का कोई नया केस सामने नहीं आया है। अब तक 14 मरीजों के टेस्ट पॉजीटिव पाए जा चुके हैं।
इनमें से 5 लुधियाना और बाकी दूसरे जिलों के हैं। मंगलवार को जालंधर में 2, पठानकोट में 1, अमृतसर में 1 तथा फगवाड़ा में 1 स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगी की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार जालंधर के निजी अस्पताल में पिछले दिनों दाखिल हुए शाहकोट के नजदीक पड़ते एक गांव के परमजीत (60) व फगवाड़ा निवासी जोगिन्द्र सिंह (65) की गत रात्रि मौत हो गई।
उधर पठानकोट के निजी अस्पताल में उपचाराधीन गर्भवती महिला को उसके परिजन जब रैफर करवा कर अमृतसर ले जा रहे थे तो रास्ते में बटाला के नजदीक उसकी मौत हो गई। वहीं एक महिला रंजू (45) की गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर में स्वाइन फ्लू से मृत्यु हो गई। इस बीच फगवाड़ा में जोगिन्द्र सिंह वासी बाबा गद्दियां की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई।