संगरूर/मोगा. मालेरकोटला में नाले से पशुओं के सिर व पिंजर मिलने से भड़के विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने शनिवार को शहर बंद कराकर प्रदर्शन किया।
संगरूर में दुकानदारों और प्रदर्शनकारियों में नोक-झोंक हुईं। जिसके बाद दो दुकानों के शीशे तोड़ डाले गए। वहीं प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानदारों को थप्पड़ भी जड़ दिया। दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को 10 मिनट तक रोके रखा। इधर, मोगा में हिंदू संगठनों ने नंगी कृपाणों और लाठियों से बाजार बंद करा दिया। नंगी तलवारों, लाठियों और दूसरे हथियारों के बीच विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, पंजाब महावीर दल और दूसरे संगठनों के कार्यकर्ता शहर में निकले। उन्होंने जबरदस्ती दुकानें बंद करवाई। सुबह धीरे-धीरे से दुकानें खुलने लगी थीं। जिसके बाद सड़कों पर उतरे हथियारधारी प्रदर्शनकारियों ने जबरदस्ती दुकानें बंद करा दी। इससे पहले नगर निगम कर्मियों की हड़ताल के चलते हिंदू संगठनों ने दो सितंबर को भी मोगा बंद किया था।
गायों को गोशाला भेजे, मुस्लिम फेडरेशन देगी मदद: फारूकी
मालेरकोटला(संगरूर). मुस्लिम फेडरेशन ऑफ पंजाब के प्रधान एडवोकेट मुबीन फारूकी ने कहा है कि नाले से दो पशुओं के कंकाल मिलने की घटना से शहर के एक विशेष धर्म के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। इस घटना पर उनकी फेडरेशन गहरा दुख प्रकट करती है। उन्होंने फेडरेशन की तरफ से प्रशासन से मांग की कि शहर में घूम रही आवारा गायों को गोशाला में भेजने का प्रबंध किया जाए। इसमें उनकी संस्था भी हर संभव मदद करने को तैयार है।
बूचड़खाने बंद नहीं हुए तो करेंगे ब्लास्ट: बजरंग दल
बरनाला. मालेरकोटला में पशुओं के मिले पिंजर के विरोध में शुक्रवार को देर शाम गीता भवन में हिंदू संगठनों ने बैठक की। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष निलमणि समाधिया और विहिप हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष दर्शन टल्लेवालियां ने कहा कि सरकार गाय को माता का दर्जा दे और जितने भी बूचड़खाने चल रहे हैं उन्हें तुरंत बंद करे। अगर सरकार ने बूचड़खाने बंद नहीं करवाए तो बजरंग दल और विहिप सभी बूचड़खानों पर ब्लास्ट करेंगे। कहा, दो साल पहले मानसा के जोगा में भी गायों के अवशेष मिलने की घटना के बाद पंजाब में विरोध प्रदर्शन हुआ था। इसके बावजूद सरकार ने कोई सबक नहीं लिया है। कहा, अगर सोमवार तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उसके बाद आपात बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इस अवसर पर संत समाज के स्वामी सज प्रकाश जी, बजरंग दल के शहरी प्रधान राकेश रिशी आिद मौजूद रहे।
मोगा. जीटी रोड पर नंगी तलवारों और लाठियों के साथ प्रदर्शन कर दुकानें बंद करवाते हिंदू संगठनों के सदस्य।