लुधियाना। राज्य के हर जिले को अब अपना ट्रैफिक प्लान तैयार करना होगा। इसके तहत ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाने और ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए कुछ पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। इन पॉइंट्स को जिलों में लागू करना होगा। डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने एक हाईलेवल की मीटिंग में ये निर्देश जारी किए। इस मीटिंग में विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद थे। हर जिले का ट्रैफिक प्लान तैयार करने और उसे लागू कराने का जिम्मा जिले के डीसी और एसएसपी काे दिया गया है।
4 शहरों में वन-वे सिस्टम:
हर जिले में ट्रैफिक प्लान लागू करने के साथ ही राज्य के चार मुख्य शहरों में वन-वे सिस्टम लागू करने का फैसला लिया गया है। इनमें अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला शामिल हैं। यह वन-वे सिस्टम भी ट्रैफिक प्लान का ही हिस्सा होगा। फिल्हाल वन-वे सिस्टम चार शहरों में लागू होगा। यहां कामयाबी के बाद इसे अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था उन शहरों में लागू की जा रही है, जहां ट्रैफिक का लोड काफी ज्यादा रहता है।
पुिलस कराएगी ये काम
- शहर में जगह-जगह ट्रैफिक व्यवस्था लागू कराने के लिए ट्रैफिक कर्मचारियों की तैनाती करना।
-ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना।
-लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर कार्यक्रम चलाना।
-ब्लैक स्पॉट खत्म कराना और वहां ट्रैफिक कर्मचारियों को तैनात करना।
-प्राइवेट बसों के लिए स्टॉपेज निर्धारित करना आिद।