पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • E Trip, Protest, Against Bill, Yorn Dealer, Strike, Ludhiana Association, Punjab

200 यार्न डीलर आज से तीन दिन बंद रखेंगे काम, 20 हजार कारोबारी होंगे प्रभावित

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लुधियाना। ई-ट्रिप को लेकर पंजाबभर के कारोबारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को विरोध में उतरे यार्न डीलर एसोसिशन ने तीन दिन तक कारोबार बंद रखने की घोषणा की है। कारोबारियों ने कहा कि अगर सरकार ने तीन दिन में कोई फैसला नहीं किया तो फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। जरूरत पडऩे पर कारोबारी भूख हड़ताल भी करेंगे। इसकी घोषणा लुधियाना स्थित सुंदर नगर के किंग पैलेस में आयोजित लुधियाना यार्न डीलर एसोसिशसन की मीटिंग के दौरान की गई। मीटिंग में पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल गोसाईं, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एमएम व्यास, पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के महासचिव सुनील मेहरा आदि ने भाग लिया। कारोबारियों ने कहा कि आने वाले चुनावों में सरकार की किसी तरह से कोई सहायता नहीं की जाएगी। वीरवार से 200 यार्न ट्रेडर हड़ताल पर जाते हैं तो इससे यार्न की 100 मिलें प्रभावित होंगी।

इससे 20 हजार से अधिक हौजरी कारोबारियों का भी काम ठप हो जाएगा। सरकार को इन तीन दिनों में ही 10 करोड़ से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने बढ़ रही अफसरशाही के कारण ही कारोबारियों पर टैक्सों का बोझ डाला जा रहा है। चुनावी घोषणा पत्र में उपमुख्यमंत्री सुखवीर बादल ने इंस्पेक्टरी राज खत्म करने की घोषणा की थी। लेकिन दिन प्रति दिन इंस्पेक्टरी राज बढ़ता ही जा रहा है। कारोबारियों के गले में ई-ट्रिप का फंदा डाला जा रहा है। पंजाब के कारोबारी पहले ही पलायन करने की तैयारी में है। अनिश्चित कालीन हड़ताल के दौरान पंजाब भर में सेल्स टैक्स व सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। कारोबारियों ने इस नोटिफिकेशन को अधिकारियों की चाल बताते हुए कहा कि जानबूझ कर अधिकारी कारोबार को ठप करने में जुटे हैं। जबकि विभाग के पास इस संबंध में पूरे प्रबंध भी नहीं हैं। सेल्स टैक्स विभाग में घपले ही घपले है। इस हड़ताल से हौजरियों, डाइंगों व मिल्लो में काम करने वाले लाखों परिवार प्रभावित होगें। जिसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी। इस दौरान महेश दत्त, मुनीष जैन, मनीष जिंदल, रोहित करीर,अरूण गुप्ता, संदीप गुप्ता, राकेश गोयल, अभिषेक गर्ग , राजेश गुप्ता मौजूद थे।

चंडीगढ़ में बुलाई उद्यमियों की मीटिंग

बुधवार को सभी जिलों के डिस्ट्रिक्ट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर (डीईटीसी) ने कारोबारियों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुना। इन समस्याओं को लेकर सेल्स टैक्स विभाग के सीनियर अफसर्स की एक मीटिंग का आयोजन चंडीगढ़ में वीरवार को किया जा रहा है। इसमें कमिश्नर अनुराग वर्मा, फाइनेंस सचिव सहित जिलों के अफसर शामिल होंगे। सूत्रों ने खुलासा किया है कि कारोबारियों के रोष व विभाग को हो रहे रेवेन्यू के घाटे को देखते हुए अधिकारियों ने कारोबारियों से तालमेल करना शुरू कर दिया है। चंडीगढ़ में होने वाली मीटिंग के बाद ई-ट्रिप के फैसले की घोषणा भी की जा सकती है। इस संबंध में देर रात कुछ एसोसिएशन के पदाधिकारियों से विभाग के अफसर संपर्क करने में लगे रहे। अफसरों ने सभी एसोसिएशन द्वारा बताई गई कठिनाइयों का ब्यौरा तैयार किया है। लुधियाना होजरी एसो. के प्रधान नवीन सूद, सुरेश राजा धीर, निटवेयर क्लब के विनोद थापर, दर्शन डाबर और अन्य कारोबारियों को मीटिंग के लिए चंडीगढ़ बुलाया गया है।


अमृतसर में आज करेंगे प्रदर्शन
ई-ट्रिप के खिलाफ उद्यमी और कारोबारी शुक्रवार को कोर्ट रोड स्थित सहायक आबकारी व कर कमिश्नर दफ्तर-वन के बाहर प्रदर्शन करेंगे। बुधवार को हुई बैठक में प्रदेश व्यापार मंडल प्रधान अमृत लाल जैन ने कहा कि ई-ट्रिप उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की देन है। यही हाल रहा तो कारोबारी काम ठप करने पर मजबूर हो जाएंगे।

जालंधर में भी संघर्ष की तैयारी
लुधियाना और अमृतसर में ई-ट्रिप पर आंदोलन शुरू हो चुका है। जालंधर में भी तैयारी है। फेडरेशन ऑफ जालंधर इंडस्ट्रीज एंड कामर्स के प्रधान गुरशरण सिंह ने बुधवार को कहा कि अगर वादे के अनुसार सीपीएस केडी भंडारी ने मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल से बैठक न करवाई तो 26 के बाद जालंधर में बड़ा आंदोलन होगा।