पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बादल कस रहे शिअद भाजपा गठजोड़ के ढीले पड़ते नट बोल्ट

बादल कस रहे शिअद-भाजपा गठजोड़ के ढीले पड़ते नट-बोल्ट

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(आए खास मेहमान...। मंगलवार को लुधियाना में भाजपा जिला प्रधान प्रवीण बांसल की भतीजी की शादी के मौके पर आशीर्वाद देने पहुंचे मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल। )
लुधियाना । जहां एक तरफ अकाली-भाजपा नेताआें में इगो-क्लैश के चलते सूबे में सत्ताधारी गठबंधन के रिश्तों में दरारें बढ़ रहीं हैं, वहीं मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल निजी स्तर से सियासी-गठजोड़ के ढीले होते नट-बोल्ट कसने में जुटे हैं। इसी के तहत वे मंगलवार को यहां भाजपा जिला प्रधान प्रवीण बांसल के परिवार में विवाह समारोह के दौरान आशीर्वाद देने पहुंचे। इसी बहाने बांसल के निवास पर बादल द्वारा उनके साथ ब्रेकफास्ट करना सियासी नजरिए से अहम माना जा रहा है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि बांसल शहर में भाजपा से ऐसे तीसरे नेता हैं, जिनके घर बादल ने बतौर सीएम ब्रेकफास्ट किया। सरसरी तौर पर देखें तोे सीएम बादल को बांसल ने अपनी भतीजी की शादी में इनवाइट किया था। मगर सियासी नजरिए से जानकर इसके गहरे मतलब निकाल रहे हैं। दरअसल नगर निगम की राजनीति में भी अकाली-भाजपा गठबंधन के रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे, इसके लिए बांसल को भी जिम्मेदार माना जाता है।

भाजपा में इस समय बांसल ही ऐसे नेता हैं, जो जिले की सक्रिय राजनीति में बतौर जिला प्रधान पूरी तरह हावी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में बांसल लुधियाना नार्थ सीट से कांग्रेसी उम्मीदवार राकेश पांडे से हार गए थे। हार के लिए गठबंधन की आपसी खींचतान को जिम्मेदार माना गया था। गठबंधन के रणनीतिकार मान रहे हैं कि बांसल अगले विस चुनाव में नार्थ सीट से टिकट न मिलने की स्थिति में सेंट्रल सीट से भी दावेदारी ठोंक सकते हैं।