लुधियाना। दैनिक भास्कर द्वारा चलाए जा रहे ट्रैफिक महाभियान में दिनोंदिन शहर की नामी एसोसिएशनें जुड़ रही हैं। इस कड़ी में शनिवार को साबुन बाजार के दुकानदार भी अभियान में शामिल होते हुए बाजार में ट्रैफिक अवेयरनेस कैंपेन चलाया। साबुन बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान कमल गुप्ता की अगुवाई में चलाए गए कैंपेन में दुकानदारों ने टू व्हीलर चालकों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया।
सड़क के किनारे खड़े होकर दुकानदारों ने ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को गुलाब के फूल देकर विनम्रतापूर्वक हाथ जोड़ ट्रैफिक रूल्स फॉलो करने का निवेदन किया। दुकानदारों ने ओवर स्पीड कर रहे कुछ चालकों को रोककर यह भी कहा कि तुहाडे बच्चे ते मां पियो घर तुहाडा इन्तेजार कर रहे ने, किरपा करके ट्रैफिक रूल्स दी पालना करो। मुहिम में एसोसिएशन ने करीब 50 टू व्हीलर सवारों और 25 थ्री व्हीलर के ड्राइवरों को ट्रैफिक रूल्स का पाठ पढ़ाया।
मुहिम के बारे में प्रधान कमल गुप्ता ने कहा कि दैनिक भास्कर द्वारा चलाए गए अभियान के बाद से 50 फीसदी से भी ज्यादा कार ड्राइवर सीट बेल्ट लगाने लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान देश और लोगों की सेवा है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करके जो नतीजे निकलते हैं उसे सारी दुनिया जानती है। इस अभियान में संजीव महाजन, सोनू प्रधान, अंकित विनायक, कुनाल गुप्ता, सुदेश अग्रवाल, दविंदर गोयल, योगेश गुप्ता, एसके अरोड़ा, अनिल गुप्ता शामिल थे।
कॉलोनी की वेलफेयर सोसाइटी ने ट्रैफिक रूल्स के बारे में किया जागरूक
जवद्दी स्थित गुरु ज्ञान विहार कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी ने हादसों के खिलाफ भास्कर महाअभियान से जुड़ने का ऐलान किया। इसके साथ ही शनिवार को सोसाइटी के सरपरस्त व सेंसर बोर्ड के मेंबर जोगिंदर सिंह जंगी की अगुवाई में जवद्दी पुल के पास ट्रैफिक जागरुकता अभियान चलाया गया। सोसाइटी के ओहदेदारों ने वहां से गुजरने वाले कार और बाइक सवार लोगों को रोककर ट्रैफिक रूल्स फॉलो करने की अपील की। बिना सीट बेल्ट और हेलमेट लगाए कार और बाइक चलाने वालों को समझाया कि हादसा होने पर लापरवाही जानलेवा हो सकती है।
नशा कर और तेज रफ्तार में ड्राइविंग करते हुए ट्रैफिक पुलिस को तो चकमा दे सकते हैं, मगर यमराज नहीं बख्शेंगे। सुखविंदर सिंह, जगजीत सिंह, कुलजीत सिंह खैहरा, हरमीत सिंह, वरिंदर शर्मा, दया सिंह नौनी, जोनी गुप्ता, गुग्गू दुगरी मौजूद रहे।