जगराओं / मुल्लांपुर दाखा/लुधियाना. गांव की लड़कियों से छेड़छाड़ को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में हुए झगड़े में शनिवार को दोनों पक्षों को समझौते के लिए बुलाया गया था। समझौते के दौरान दोनों पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर फिर से झगड़ा हो गया। इस पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक नौजवान को गोली मार दी। गोली टांग में लगने से वह बुरी तरह से जख्मी हो गया।
वहीं इस झगड़े में दूसरे पक्ष का भी एक युवक जख्मी हुआ है। जिसका आरोप है कि उस पर तलवार से हमला किया गया है। यह भी पता चला है कि दोनों पक्षों में पहले से भी रंजिश चली आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी दाखा मनदीप सिंह गिल व एसएचओ दाखा हरजिंदर सिंह मौके पर पहुंचकर जांच की।
इस मामले में थाना दाखा की पुलिस ने गांव ढोलन के रहने वाले जसविंदर सिंह की शिकायत पर गांव ढोलन के ही रहने वाले रूपिंद्र सिंह, गांव कोठे खजूरा (जगराओं) के रहने वाले इंद्रजीत सिंह और जगराओं के रहने वाले हरसिमरत सिंह उर्फ सोनू, सरबा व हरदीप सिंह तथा 4-5 अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे चौकी चौकी मान के इंचार्ज एएसआई निर्मल सिंह कर रहे हैं।
जगराओं सिविल अस्पताल में दाखिल गांव ढोलन के जसविंदर सिंह ने बताया कि कुछ लोग गांव में आकर लड़कियों से छेड़छाड़ करते थे। जब उनको ऐसा करने से मना किया गया तो वह हाथापाई पर उतर आए। उस समय तो गांव के लोगों ने मामला शांत करवाकर उनको भेज दिया। लेकिन दूसरे दिन उन्होंने राजीनामा करने के बहाने उन्हें बुला लिया। समौझते के दौरान हुए झगड़े में दूसरे पक्ष के रुपिंदर सिंह ने उस पर गोलियां चला दीं। जिससे एक गोली उसकी टांग में लगी। वहीं दूसरे गुट के हरदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह ने बताया कि इस दौरान पहले हमला जसविंदर सिंह के पक्ष के लोगों ने किया था। उनके द्वारा तलवार से किए गए हमले में वह भी जख्मी हो गया।
मामले की जांच कर रहे चौकी चौकी मान के इंचार्ज एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि जसविंदर सिंह को पहले जगराओं के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। मगर हालत गंभीर देखकर उसे डीएमसीएच लुधियाना रेफर कर दिया गया है। निर्मल सिंह ने बताया कि घटनास्थल से पिस्टल से चले तीन कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जगराओं सिविल हॉस्पिटल में एडमिट गोली लगने से जख्मी हुआ जसविंदर।