पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Five Arrested In Minor Burn Alive Case In Punjab

नाबालिग को जिंदा जलाने में 5 गिरफ्तार, फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने की मांग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना. ढंडारी की दुर्गा कॉलोनी में नाबालिग को जिंदा जलाकर मारने के आरोपियों में से पुलिस ने एक अन्य आरोपी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने इसी मामले में लिप्त एक अन्य आरोपी बल्ली को भी नामजद किया है। पुलिस आरोपी बल्ली व बब्बू की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है। जबकि मामले के तीन आरोपी शहजाद, अनवर और नियाज छोटू पहले ही अरेस्ट हो चुके हैं। इस तरह अब तक कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इधर, बुधवार को दुर्गा कॉलानी में तनाव का माहौल रहा। महिला कांग्रेस की सदस्यों ने समराला चौक में रोष प्रदर्शन कर लापरवाही करने वाले पुिलस मुलाजिमों पर भी केस दर्ज करने की मांग की। वहीं कुछ संगठनों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के साथ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाने की मांग की।

इंस्पेक्टर सुरेंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों के बाद मुख्य आरोपी बिंदर को गिरफ्तार किया गया था। जिसे बुधवार को जेल भेज दिया गया। इधर, देर शाम आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार किया गया। इसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी बब्बू को गिरफ्तार करने के लिए एक स्पेशल पुलिस पार्टी गाजियाबाद व सहारपुर भी भेजी गई है। उक्त आरोपी वारदात के समय से ही गायब है। पुलिस को खबर मिली थी कि आरोपी इसी इलाके में ही घूम रहा है। जबकि इस मामले में किडनैपिंग को लेकर हुए दर्ज मामले में वांटेड आरोपी विक्की को लेकर भी पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर रेड कर रही है।
सस्पेंड पुलिस मुलाजिमों पर हो केस दर्ज
लुधियाना. बुधवार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर महिला कांग्रेस की सदस्यों ने समराला चौक में रोष प्रदर्शन किया। जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लीना टापरिया ने नाबालिग को जिंदा जलाने वाले आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही इन आरोपियों का साथ देने वाले व लापरवाही दिखाने वाले पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ भी कत्ल का केस दर्ज करने की मांग की गई।
पीड़ित परिवार को मिले उचित मुआवजा
आरोपियों का साथ देने वाले पुलिस मुलाजिमों पर कार्रवाई और इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की गई। कई समाजसेवी संगठनों ने सरकार से सीधे हस्तक्षेप की मांग की। जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम मोहम्मद उस्मान रहमानी ने कहा, इस केस में पीड़ित को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस कर्मियों की डिपार्टमेंटल कार्रवाई शुरू: बान
परिवार को उचित मुआवजा दिलवाने के लिए डीसी को लेटर लिखा गया है। आरोपियों व उनका साथ देने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिन पुलिस मुलाजिमों को सस्पेंड किया गया है। उनके खिलाफ डिपार्टमेंटल इंक्वायरी शुरू कर दी गई है। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाई जाएगी। -प्रमोद बान, पुलिस कमिश्नर, लुधियाना