लुधियाना. नागालैंड से अफीम लाकर लुधियाना समेत अन्य शहरों में नेटवर्क चलाने वाले एक गिरोह के चार मेबरों को थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से 2 किलो 700 ग्राम अफीम और तीन मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। वहीं आरोपियों की पहचान प्रेम नगर निवासी राजेश कुमार गुप्ता, केरला के मुरली नारद मल उर्फ राजू, पटियाला के बलविंदर सिंह और सन्नी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पुलिस पार्टी समेत दमोरिया पुल स्थित गोल मार्केट के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान आरोपी राजेश कुमार और मुरली नारद को मोटरसाइकिल पर आते देख शक के आधार पर चैकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उक्त आरोपी पुलिस पार्टी को देखकर पीछे की तरफ भाग निकले। पुलिस मुलाजिमों ने आरोपियों का पीछा कर थोड़ी दूरी पर जाकर उन्हें काबू कर लिया। तलाशी में एक किलो 700 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी सन्नी सिंह को हरगोबिंद नगर पुली के पास से गिरफ्तार करक 500 ग्राम अफीम और आरोपी बलविंदर को चंद्र नगर पुली के पास से गिरफ्तार करके उससे भी 500 ग्राम अफीम बरामद की है।
जांच ऑफिसर ने बताया कि आरोपी राजेश कुमार गिरोह का मुख्य सरगना है। उसे 2012 में पटियाला में तीन किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसमें आरोपी 8 महीने जेल में भी जा चुका था। जेल से जमानत पर छूटते ही आरोपी ने अपने नए साथी तैयार कर दोबारा तस्करी करनी शुरू कर दी। आरोपी राजेश तस्करी के साथ -साथ डाबा में करियाना की दुकान चलाता था। आरोपी सन्नी खेतीबाड़ी, बलविंदर पटियाला में वकील का मुंशी और मुरली नारद केरला में टैक्सी चलाने का काम करता था। पुलिस आरोपियों के बैंक अकाउंट चैक कर रही है।