फिरोजपुर. पति के साथ बहन से मिलने जा रही एक महिला से कुछ युवकों ने गैंगरेप किया। वारदात थाना गुरुहरसहाय के अंत्तर्गत पड़ते गांव चक्क निधाना बोड़ा के समीप शनिवार की रात हुई।
अस्पताल में मेेडिकल चेकअप के लिए पहुंची पीड़िता ने बताया, वह गांव पंजेके की रहने वाली है। शनिवार वह पति के साथ मायके गांव गई हुई थी। रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद वह गांव चक्क निधाना बोड़ा में रहने वाली अपनी बहन से मिलने के लिए जा रही थी। तभी रेलवे फाटक के समीप खड़े छह अज्ञात युवकों ने जबरन उनकी बाइक रोक ली। उसके पति के साथ तीन युवकों ने पिटाई शुरू कर दी। बाकी तीन युवक उसे घसीटते हुए खेतों में बने एक कमरे में ले गए। जहां तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़ित युवक ने बताया कि वह हमलावरों के चंगुल से निकल कर सीधा अपने साढू के घर गया और उसे लेकर वापस घटनास्थल पहुंचा। तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। उसके साढू ने इनमें से तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपी उन्हीं के गांव के रहने वाले हैं।
एएसआई हरनेक सिंह ने बताया कि युवती के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।