लुधियाना। फिरोजपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में काम से आए होजरी कारोबारी बीर मल्होत्रा के ड्राइवर राज बहादुर से दो लुटेरों ने गन प्वाइंट पर इनोवा छीन ली और मुल्लांपुर की तरफ भाग निकले। मौके पर पहुंची थाना सराभा नगर और सीआईए-2 की पुलिस ने सिविल लाइन के रहने वाले बीर मल्होत्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अफसर ने बताया कि शिकायतकर्ता बीर मल्होत्रा की मोचपुरा बाजार में शॉप है। इनोवा का नंबर पीबी 10 डीएच 3240 है।
बीर शाम 5 बजे के करीब अपने ड्राइवर राज बहादुर के साथ फिरोजपुर रोड स्थित वेस्टन मॉल के पास गए थे। वे बैंक के अंदर चले गए, जबकि ड्राइवर बाहर इनोवा में बैठा गाने सुन रहा था। इसी दौरान राज के पास दो क्लीन शेव युवक आए और उससे माचिस मांगी। राज ने माचिस न होने की बात कही। इसी दौरान एक युवक ड्राइवर के साथ वाली सीट पर बैठ गया। जबकि दूसरा ड्राइवर वाली सीट के पास ही खड़ा रहा। ड्राइवर के साथ वाली सीट पर बैठे युवक ने गन निकाल कर राज के लगा दी। बाहर खड़े युवक ने राज को खींच कर बाहर निकाला और इनोवा लेकर भाग गए।
(फोटो- ड्राइवर राजबहादुर जानकारी देता हुआ।)