कारोबारी की बहू सिमरन बेटी प्रिशा के साथ।
लुधियाना. 'परिवार के 16 लोगों के साथ घूमने निकला था। तीन सितंबर को गुलमर्ग से लौटकर श्रीनगर पहुंचा। अचानक बरसात क्या शुरू हुई, बूंदें सैलाब बनकर उमड़ पड़ीं। पहाड़ों पर बनी इमारतें, होटल और सेना के हेडक्वार्टर भी चारों ओर पानी घिरे नजर आ रहे थे। पहलगाम जाने का प्लान पहले ही बारिश की भेंट चढ़ चुका था। अब सभी लोग जान बचाने की जद्दोजहद में थे। छह दिनों तक श्रीनगर के एक होटल के कमरे में कैद यह बर्बादी देखता रहा। शनिवार सुबह आर्मी की मदद से वापस लुधियाना अपने घर लौटा, सच कहूं... जन्नत तो घर पहुंचकर नजर आई।' शब्दों में सलामती का सुकून था, लेकिन यादें डरावनी इतनी कि कमबख्त फिर से जन्नत (श्रीनगर) के ख्याल से रूह कांप जाए। गुरदेव नगर के केमिकल कारोबारी राकेश मलिक अब सही-सलामत अपने परिवार के साथ एफ-23 स्थित अपने घर पहुंच चुके थे।
बच्चों को देख आर्मी को आया रहम
राकेश मलिक ने बताया कि ढाई महीने पहले मुरादाबाद में रहने वाली बेटी ने वहां जाने का पूरा प्लान तय कर रखा था। फगवाड़ा से आई बेटी भी पूरी फैमिली के साथ थी। हमारे साथ 16 लोगों में चार बच्चे शामिल थे। इनमें सबसे छोटा नौ महीने का। आर्मी के जवानों की कितनी भी तारीफ करूं तो कम है। पूरी शिद्दत से जवान लोगों की मदद में जुटे थे। सबसे पहले वे बीमारों और उम्रदराज जरूरतमंदों को हेलिकॉप्टर वहां से निकालने में जुटे थे। पांच दिनों तक उनसे रिक्वेस्ट करता रहा, आखिरकार मासूमों को देखकर उन्हें तरस आई और हम सही-सलामत वापस लौट सके।
एक लाख लोग, इधर हम सीएम और गवर्नर हाउस के बीच फंसे रहे...
होटल के कमरों से झांक कर देखा तो एक लाख से ज्यादा लोग हैलीकॉप्टर से मदद के लिए कतार में नजर आ रहे थे। नीचे सारे होटल, रेस्त्रां और सरकारी क्वार्टर पानी में डूब चुके थे। मजदूरों से लेकर वीवीआईपी तक सभी एक कतार में थे और आर्मी का रवैया सबके लिए एक जैसा। हमारा होटल गवर्नर हाउस और सीएम हाउस के बीच था, इसलिए हम कुछ ज्यादा सुरक्षित थे। लेकिन, लगातार डर इस बात का कि, जलजला थम नहीं रहा और यहां जाने की हमारी बारी कब आएगी। आखिर जवानों ने अपने कार्गो विमान से शुक्रवार की रात चंडीगढ़ पहुंचाया और डिनर तक पैक करके घर के लिए रवाना किया। सच कहूं, आज जिंदा हूं तो सेना के जवानों की वजह से। ताउम्र उनके अहसान का कर्जदार हो गया।'
आगे की स्लाइड्स में देखें, जम्मू में बाढ़ के कहर से जूझकर वापस आए परिवार की तस्वीरें..