लुधियाना. निगम जोन बी के सुपरिंटेंडेंट जसदेव सिंह सेखों की अगुवाई में गोशाला रोड पर अतिक्रमण कर कंबल बेचने वालों को हाथ जोड़ गांधीगिरी से समझाया गया। हालांकि निगम टीम को देखते सभी दुकानदारों ने आगे से ऐसा ना करने का आश्वासन देते हुए तुरंत सामान अंदर कर लिया। लेकिन जैसे निगम टीम वहां से चली गई तो दुकानदारों ने दोबारा सामान वहां लगा दिया। अचानक निगम टीम दोबारा गोशाला रोड पर पहुंच गई। वहां कुछ दुकानों के बाहर रखे गए सामान को जब्त कर लिया गया। इसके बाद सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर दो दिन के अंदर उन्होंने अतिक्रमण के रवैये को नहीं छोड़ा तो सीधे कार्रवाई होगी।
बुधवार शाम को सुपरिंटेंडेंट जसदेव सिंह सेखों अपनी पूरी टीम के साथ गोशाला रोड पर दुकानदारों के किए अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंचे। यहां पहुंचने से पहले उन्होंने सभी दुकानदारों से हाथ जोड़कर सामान दुकान के अंदर रखने के लिए कहा। ताकि ट्रैफिक में किसी तरह की रुकावट न आए। इसी समय एक दुकानदार ने सुपरिंटेंडेंट सेखों से नोकझोंक करना शुरू कर दी। इस पर जैसे निगम अफसरों ने सामान जब्त करना शुरू किया, तो बुजुर्ग ने प्यार का वास्ता देते उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इस पर सभी दुकानदारों को अपना सामान अंदर रखने की बात कहते टीम वहां से तीन नंबर डिविजन एरिया में अतिक्रमण क्लियर करने के लिए रवाना हो गई। वहां से कार्रवाई करने के बाद टीम जैसे दोबारा गोशाला रोड पहुंची, तो देखा कि कुछ दुकानदारों ने दोबारा कंबलों को सड़क पर रख दिया है। निगम टीम ने तुरंत दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे सामान को जब्त कर लिया।
निगम सुपरिंटेंडेंट जसदेव सिंह सेखों ने कहा कि गोशाला रोड दुकानदारों को दो दिन का समय दिया गया है। अगर वह ऐसा नहीं करते है। इस बार सख्त कार्रवाई होगी।
आगे की स्लाइड में देखें फोटो...