पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Officers Arrived With Incomplete Records, Punjab, Ludhiana News

अधूरे रिकॉर्ड लेकर पहुंचे अधिकारी, सांसद लिबड़ा ने मीटिंग बीच में छोड़ी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लुधियाना। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के रवैए से खिन्न कांग्रेसी सांसद सुखदेव सिंह लिबड़ा ने बीच में ही मीटिंग रद्द कर दी। बचत भवन में सर्वशिक्षा अभियान के तहत हुए कार्य संबंधी हुई मीटिंग में सांसद लिबड़ा ने अधिकारियों से जो भी जानकारी मांगी वह मौके पर पेश न कर सके। परेशान होकर लिबड़ा ने कह दिया कि जब पूरी जानकारी मिल जाए तो मीटिंग रख लेना। गुस्साए लिबड़ा ने यहां तक कह दिया कि केंद्र द्वारा भेजे जा रहे करोड़ों रुपए लापरवाह विभाग के कारण कहीं काम आते नहीं दिख रहे।

दरअसल मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए फतेहगढ़ साहिब से सांसद सुखदेव सिंह लिबड़ा ने केंद्र से आने वाली ग्रांट का ब्योरा मांगना शुरू कर दिया। अधिकारियों की एक के बाद एक न आई तो सांसद बिफर गए। केंद्र से शिक्षा के लिए करोड़ों रुपए की ग्रांट का हवाला देते हुए सांसद ने कह दिया कि आज भी प्रदेश में शिक्षा का स्तर ठीक नहीं है। इसके लिए विभाग ही जिम्मेदार है।

स्कूल में टॉयलेट तक नहीं
पायल इलाके के अंतर्गत गांव मल्लीपुर का जिक्र करते हुए सांसद लिबड़ा ने कहा कि वहां टॉयलेट तक नहीं बना। बच्चियों की परेशानी बाबत कई बार विभाग को कहा गया पर अभी तक इसका हल नहीं निकला।

पायल इलाके के ही गांव रियाड़ की बात करते हुए सांसद ने कहा कि स्कूल की छत गिरने वाली है पर अधिकारी इसे ठीक करवाना तो दूर इसकी खस्ता हालत को मानने के लिए राजी नहीं।

5 अगस्त से पहले करनी होगी मीटिंग
5 अगस्त से शुरू होने वाले लोकसभा सेशन का तर्क देते हुए सांसद सुखदेव सिंह लिबड़ा ने कह दिया कि अधिकारियों को पूरा डाटा तैयार करके हर हाल में 5 अगस्त से पहले मीटिंग करनी होगी। ऐसा न होने पर वह इसकी रिपोर्ट बनाकर संसद में तो रखेंगे ही साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री को भी कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।