लुधियाना. दुगरी के सीआरपीएफ कॉलोनी में सोमवार को दविंदर सिंह की ओर से गलत तरीके से पार्क बनाने की शिकायत की जांच करने के लिए फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मुलाजिम पहुंचे, लेकिन पार्क देखकर फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मुलाजिम बोले, दविंदर सिंह ने तो अच्छा काम किया है। जांच के दौरान अवैध तरीके से पार्क बनाने की बात को भी इन मुलाजिमों ने खारिज कर दिया।
किसी ने दविंदर सिंह की ओर से बनाए इस पार्क के पौधों पर तेजाब डाल दिया था और यहां लगे बूटे भी उखाड़ कर सड़क पर फेंक दिए थे। बाद में किसी ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मुलाजिमों को यह पार्क अवैध तरीके से बनाने की भी शिकायत की थी।
चार अगस्त को दैनिक भास्कर में दविंदर सिंह की ओर से नौ महीने में कूड़े के डंप को पार्क में तब्दील करने की खबर छपने के बाद उन्हें सम्मानित करने उनके घर डिप्टी मेयर आरडी शर्मा समेत शहर के कई एनजीओ पहुंचे थे। 15 अगस्त के मौके पर भी उन्हें इस काम के लिए सम्मानित किया गया था।
पार्क सबका है, सब मिलकर इसे मेंटेन रखें...
नगर निगम की ओर से इस पार्क की बाउंड्री, ट्यूबवेल और अन्य चीजों के लिए 20 लाख रुपए का फंड देने की घोषणा की गई थी। मैं लोगों को बताना चाहता हूं कि ये पैसे मुझे नहीं मिलने, बल्कि निगम की ओर से इतने पैसों का पार्क के लिए काम किया जाना है। पार्क मोहल्ले के सभी लोगों का है, सभी मिलजुल कर इसे मेंटेन रखें और इसे बेहतर बनाने में सहयोग करें।
-दविंदर सिंह