लुधियाना। वार्ड नं. 59 स्थित मठारू चौक इलाके में खाली पड़े प्लॉट पर पार्क बनाने के लिए इलाके के लोग आगे आए हैं। दैनिक भास्कर में चार अगस्त को सीआरपीएफ कॉलोनी के दविंदर सिंह की ओर से पार्क बनाने की खबर छपने के बाद शहर के कई इलाके से लोगों उनसे पार्क बनने में मदद मांगी थी। दविंदर सिंह को इस काम के लिए डिप्टी मेयर और राज्य सरकार सम्मािनत कर चुकी है।
मठारू चौक के पास खाली पड़ा यह प्लॉट धीरे-धीरे कूड़े के ढेर में तब्दील हो रहा था और लोगों ने दविंदर सिंह को प्रेरणास्रोत मानकर इसे पार्क में बदलने की ठानी। लोगों को इस काम में आगे आते देख अबतक खामोश बैठे कौंसलर तनवीर सिंह धालीवाल को मजबूरीवश लोगों की मदद के लिए आगे आना पड़ा।
हर सुविधा मुहैया कराई जाएगी
कौंसलर धालीवाल ने बताया कि उन्हें मोहल्ले के लोगों की ओर से यहां सरप्लस पड़े प्लॉट पर पार्क बनाने का प्रस्ताव आया था। पिछले दिनों लगातार बरसात होने की वजह से काम देर से शुरू हुआ। मंगलवार को उन्होंने मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया से इसके लिए मदद मांगी। मौके पर उन्होंने जेसीबी भेजी और सफाई का काम तत्काल ही शुरू हो गया। यहां जल्द ही एक सुंदर पार्क बनकर तैयार हो जाएगा।
मदद को हमेशा तैयार
^मेरी वजह से शहर में थोड़ी भी शुरुआत हुई तो समझूंगा कि मैं सफल हुआ। स्थानीय लोगों ने मुझसे पार्क बनाने के लिए सलाह मांगी थी। जहां कहीं भी मेरी जरूरत हो, मैं मदद को हमेशा तैयार हूं।
-दविंदर सिंह, सीआरपीएफ कॉलोनी निवासी
शहर का सबसे सुंदर पार्क बनाएंगे
धालीवाल ने मोहल्ले के लोगों की जागरूकता को देखते हुए वाॅर्ड नं.59 में शहर का सबसे सुंदर पार्क बनाने की ठानी है। उन्होंने बताया कि उनके वाॅर्ड में स्थित अल्फा पार्क को लगातार संवारने का काम किया जा रहा है।