लुधियाना. यूके में रहने वाले रविंदर सिंह पनेसर के नाम के फर्जी आईडी तैयार कर बाड़े वाल के मधुवन एन्क्लेव स्थित उनके 500 वर्ग गज का प्लॉट बेचने के आरोप में थाना एनआरआई की पुलिस ने धांधरा रोड के हरपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि आरोपी ने उक्त प्लॉट का सौदा 4 करोड़ में कर उसकी दो रजिस्ट्रियां भी करवा दी। बात का खुलासा उस समय हुआ जब रविंदर सिंह पनेसर की पावर ऑफ अटार्नी धारक जगदीश प्लॉट का प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए गया। जिस पर उसने यूके में रहने वाले रविंदर सिंह पनेसर को बताया और पुलिस को शिकायत दी। इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर एएसआई जोगिंदर सिंह व संदीप की टीम मामले की जांच के लिए गठित की गई।
जांच के दौरान पता चला कि प्लॉट को दो हिस्सों में बेचा गया है। जिसकी दो अलग-अलग रजिस्ट्रियां करवाई गई हैं। जिन पर हाकम सिंह व बलदेव सिंह की गवाही है। रजिस्ट्री करवाते समय पेश किए गए दस्तावेजों की जांच की गई तो पता चला कि वोटर कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी बने हुए हैं और हरपाल सिंह ने खुद ही फर्जी दस्तावेज लगाकर तैयार करवाए थे।
जांच के दौरान ही पता चला कि इस प्लॉट का सौदा बतौर डीलर हाकम सिंह, फर्जी रविंदर सिंह पनेसर बने हरपाल सिंह व बलदेव सिंह, अमरजीत सिंह गांधी व गगनदीप सिंह ने साठगांठ कर किया था। जिन्होंने ही आपस में बयान कर एक दूसरे को प्लाट बेच दिया और अपने नाम पर करवा लिया।
जांच के दौरान ही पुलिस ने अमरजीत सिंह गांधी, गगनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी फर्जी रविंदर सिंह पनेसर बने हरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के घर से विभिन्न नाम व पतो के आधार पर बने फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद कर लिए।
आरोपी ने फर्जी आईडी कार्ड अमरेंदर सिंह गिल, बलजीत सिंह, हरतेज बीर सिंह, रविंदर सिंह पनेसर के नाम बनाए हुए थे। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में पहले ही पर्चा दर्ज है। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई मामले सामने आने की संभावना है। आरोपी इलाके में एनआर आई लोगों के प्लाट ढूंढ कर उनके बारे में पूरी जानकारी लेता था और फिर उसके दस्तावेज तैयार कर उसे बेच देता था। आरोपी से उसके अन्य साथियों को लेकर भी पता लगाया जा रहा है।
आरोपी को पकड़ कर अदालत में पेशी पर लेकर जाते पुलिस मुलाजिम।