लुधियाना. पंजाब सरकार के पब्लिक ग्रीवेंसेज पोर्टल पर अब घर बैठे पुलिस कमिश्नर और एसएसपी से भी एक क्लिक पर कंपलेंट की जा सकेगी। सीएम से लेकर डिप्टी कमिश्नर के पास पुलिस के खिलाफ या उनसे जुड़ी कंपलेंट की गिनती बढ़ने के बाद ऑनलाइन पोर्टल में यह ऑप्शन अगले हफ्ते ओपन की जा रही है। इसमें लोग सीधे जिलों में एसएसपी और कमिश्नरेट सिटी में पुलिस कमिश्नर को सीधी कंपलेंट भेज सकेंगे। इससे उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ऑनलाइन सिस्टम होने से लोगों की कंपलेंट न तो खुर्द-बुर्द हो सकेंगी और न ही इनके निपटारे में देरी होगी, क्योंकि इसकी मॉनीटरिंग का सिस्टम भी ऑनलाइन होगा।
अभी तक इनसे होती थी कंपलेंट: इस ऑनलाइन कंपलेंट पोर्टल के जरिए अभी तक सीएम ऑफिस, डिप्टी सीएम आफिस, चीफ सेक्रेटरी ऑफिस, स्टेट पब्लिक ग्रीवेंसेज ऑफिस, स्टेट गवर्नमेंट डिपार्टमेंट्स के प्रिंसिपल सेक्रेटरीज, डिप्टी कमिश्नर्स, कमीन्स यानी आयोग, बोर्ड, कार्पोरेशन और अथॉरिटीज को शिकायत हो रही थी।
इंक्वायरी कर ऑनलाइन रिपोर्ट, रिमाइंड भी: जो भी शिकायतें इस पर अाती हैं, उनको आगे ऑनलाइन ही संबंधित अफसर को भेजा जाता है। अफसर उनकी जांच करवाकर ऑनलाइन ही रिपोर्ट आगे सबमिट करते हैं। कंपलेंट नंबर के जरिए कभी भी इसका स्टेटस देखा जा सकता है। वहीं, अगर कंपलेंट पर कोई एक्शन न हो तो संबंधित अफसर को रिमाइंडर भी भेज सकते हैं।
एेसे कर सकेंगे कंपलेंट
सरकार की ओर से लॉन्च किए www.publicgrievancepb.gov.in या www.shikayatnivaranpb.gov.in वेबसाइट पर जाकर जाकर कोई भी व्यक्ति अफसर को शिकायत भेज सकता है। कंपलेंट अंग्रेजी और पंजाबी में की जा सकती हैं। कंपलेंट रजिस्टर्ड करवाने के बाद जो नंबर मिलेगा, उससे कभी भी कंपलेंट का स्टेटस चेक किया जा सकता है। कंपलेंट सीधे ऑप्शन में सलेक्ट किए अफसरों के पास ही पहुंचती है।
अब तक 435 कंपलेंट्स
इन ऑनलाइन कंपलेंट पोर्टल पर लुधियाना जिले से अभी तक लगभग 435 कंपलेंट आ चुकी हैं। इनमें 200 से अधिक का निपटारा हो चुका है। इन कंपलेंट के जल्द निपटारे के लिए अफसर लगातार कोशिश में जुटे हैं, क्योंकि उनकी सीधे सीएम और डिप्टी सीएम ऑफिस से जवाबतलबी हो रही है।
इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। अगले हफ्ते ऑनलाइन पोर्टल पर यह सुविधा भी लॉन्च कर दी जाएगी।
-कश्मीर सिंह, डिस्ट्रिक्ट इंफॉरमेशन अफसर, एनआईसी, लुधियाना