पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Police Said People To Search Accused Then I Caught

हमलावरों को पकड़ने की मांग पर पुलिस बोली- खुद ढूंढो ठिकाना, फिर पकड़ेंगे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना. बसंत सिटी के रहने वाले तेज राम शर्मा ने पुलिस कमिश्‍नर प्रमोद बॉन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए उनके बेटे नरेश शर्मा पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पकड़ने की गुहार लगाई है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने 28 मई को उनके बेटे नरेश और राजेश को पैसे देने के बहाने बुलाकर हमला कर दिया था। नरेश हमले के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

उन्होंने बताया कि नरेश के सिर और चेहरे पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था। जख्मी होने के कारण राजेश अभी भी बेड पर है। थाना सदर की पुलिस ने उस समय कार्रवाई करते हुए जख्मी हुए राजेश के बयान पर जसविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, रविंदर सिंह , जगतार सिंह व जसविंदर सिंह जस्सी के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा नहीं ।

तेजराम शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बाद में इंक्वायरी के नाम पर धारा 307 तोड़कर धारा 308 लगा दी। बार-बार पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने पर भी पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं रही है। पुलिस हर बार कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें वापस भेज देती है। पीड़ित के अनुसार बार-बार चक्कर लगाने पर जांच अफसर एसएचओ सदर जतिंदर जीत सिंह ने यह कह कर वापस भेज दिया कि खुद आरोपियों को ढूंढ लो। फिर पुलिस उन्हें पकड़ कर लाएगी। तेजराम ने बताया कि आरोपियों को ढूंढ कर इसकी जानकारी जांच अफसर को दी गई तो उन्होंने गिरफ्तार नहीं किया। गिरफ्तारी के बारे में पूछने पर उन्होंने मोबाइल ही बंद कर लिया।

आरोपी सरेआम इलाके में घूम रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उनके परिवार के सदस्यों का घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। आरोपियों के कारण उनका कारोबार भी ठप हो गया है।
- मामले के बारे में पता लगाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जल्द ही पकड़ कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। अगर किसी ने लापरवाही दिखाई तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी। - प्रमोद बॉन,पुलिस कमिश्नर लुधियाना
- मामले की जांच बड़े अफसरों की तरफ से की गई है। ऐसा कुछ नहीं है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। - जतिंदर जीत सिंह, एसएचओ सदर