पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Political Fervour Over District Municipal Corporation Election

जिला परिषद चुनाव से पहले ही कांग्रेस में अंतर्कलह

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लुधियाना. लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कमेटी में घमासान मचा है। पार्टी के सभी विंग एकजुट होने के बजाय अलग-अलग रास्ता अख्तियार कर रहे हैं। जिससे जिला परिषद चुनाव के प्रचार में कांग्रेस के कुछ ही नेता गांव की तरफ पहुंचे हैं। पार्टी के दो अहम विंग यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी तो जिला कांग्रेस कमेटी से बिल्कुल अलग-थलग हैं।

स्थिति यह है कि यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम को न तो महिला कांग्रेस सपोर्ट कर रही है और न ही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी हिस्सा लेते हैं। यही हाल महिला कांग्रेस के कार्यक्रमों का है, जहां आंतरिक कलह से एक दूसरे विंग को सहयोग नहीं मिल रहा है। जिले में कांग्रेस कमेटी बिखर गई है। जिला कांग्रेस कमेटी अलग काम कर रही है, तो महिला कांग्रेस कमेटी खुद अकेले चल रही है।

कांग्रेस के युवराज के सपनों वाली यूथ कांग्रेस कमेटी के यूथ अकेले ताकत झोंक रहे हैं। ये तीनों विंग एक साथ नजर नहीं आ रहे हैं। जिससे एक भी मुद्दे पर कांग्रेस कमेटी को सफलता नहीं मिली है। वह चाहे प्रॉपर्टी टैक्स का मुद्दा हो, या फिर बिजली के रेट बढऩे का यूथ कांग्रेस का विरोध। हर बार महज नारेबाजी और प्रदर्शन के सिवाए कांग्रेस कमेटी को कुछ नहीं मिला है, जबकि प्रदेश सरकार के अनगिनत ऐसे फैसले हैं, जिनका पब्लिक ही विरोध कर रही है।

चुनाव पर पड़ेगा असर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की माने तो पार्टी की गुटबाजी का खामियाजा जिला परिषद व ब्लाक समिति के चुनाव पर पड़ेगा। 19 मई को होने वाले चुनाव में अभी तक जिला कांग्रेस शहरी व देहाती के पदाधिकारी चुनाव प्रचार में शामिल हो रहे हैं। इसमें यूथ कांग्रेस दूरी बनाए हुए है।

राजनीति में 'राजनीति' कर रहे हैं वरिष्ठ नेता
कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता राजनीति में राजनीति कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस दो धड़ों में बंट कर रह गई है। एक धड़ा स्थानीय विधायक के साथ है, तो दूसरा धड़ा सांसद के पाले में है। ऐसे में जनहित वाले मुद्दे तो दफन हो ही रहे हैं, कांग्रेस पार्टी भी अपने के कारण धीरे-धीरे जनता में विश्वास खोती जा रही है। पिछले दिनों प्रदेश के कांग्रेस सचिव सतीश शर्मा शोमैन ने सीधे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन दीवान पर ही आरोप जड़ दिए। शोमैन का आरोप है कि दीवान नहीं चाहते हैं कि पार्टी एकजुट रहे। हालांकि पवन दीवान ने इसे विरोधियों की साजिश बताया है।

मनीष तिवारी 12 को कार्यकर्ताओं से मिलेंगे
जिले में कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच उपजे मनमुटाव और आपसी गुटबाजी तो कई साल से चली आ रही है, लेकिन हाल ही में जो मामले सामने आए हैं, उससे गुटबाजी चरम पर हैं। सारा मामला कैबिनेट मंत्री मनीष तिवारी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा की जानकारी में है। संभवत: 12 मई को गुटबाजी को लेकर मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के बीच मीटिंग भी हो सकती है। 12 मई को कैबिनेट मंत्री मनीष तिवारी लुधियाना में होंगे। इस दौरान मनीष तिवारी कांगे्रस के पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही तिवारी जिला परिषद व ब्लॉक समिति का चुनाव लड़ रहे पार्टी के उम्मीदवारों के लिए कई गांवों में जाकर वोट मांगेंगे।