मोगा. लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 5 बजे गांव मटवानी मोड़ के पास भैंसों से भरे ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर को गलत दिशा में टक्कर मार दी। इससे ट्रक और कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में लादी गईं 38 भैंसों में से 16 की मौत हो गई, वहीं 17 गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
हादसा ट्रक चालक की आंख लगने के कारण हुआ बताया जा रहा है। पुलिस और समाज सेवा सोसायटी के सदस्यों ने ट्रकों में फंसी लाशों को बाहर निकाला। शनिवार सुबह गांव होमउहड़ जिला फतेहाबाद (यूपी) का ट्रक चालक चमकीला सिंह पट्टी से व्यापारी जीशान की 38 भैंसें ट्रक में लादकर राजपुरा जा रहा था। जैसे ही ट्रक गांव मटवानी के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे प्लाइवुज कैंटर से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर में कैंटर चालक हरजिंदर सिंह निवासी रानके तहसील जगराओं (लुधियाना) और चमकीला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक में सवार व्यापारी जीशान को मामूली चोटें आई हैं। कैंटर के सहायक चालक ने पुलिस को ट्रक चालक की ओर से तेज गति से ट्रक चलाने और गलत दिशा में आकर उनके कैंटर को टक्कर मारने की बात कही है।