लुधियाना. नगर निगम ने 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क को बनाने के लिए लगभग 2.50 करोड़ रुपए खर्च किए, उन्हीं सड़कों को महज 15 लाख रुपए लेकर खुदवा डाला गया। इनमें सग्गू चौक, हाथी कॉॅम्प्लेक्स, ऊधम नगर सिंह रोड और रोज गार्डन रोड शामिल है। निगम ने ये मेहरबानी पावरकॉम पर की है। अब इसे बनाने में 2.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
पावरकॉम ने शहर में 66 केवी अंडर ग्राउंड लाइन डालने के लिए निगम से इजाजत मांगी थी। इस काम के लिए निगम ने 1.25 करोड़ का एस्टीमेट दिया था। डिप्टी सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के कारण पावरकॉम के चीफ इंजीनियर के लेटर पर निगम ने इसके लिए मात्र 61 लाख रुपए का एस्टीमेट बना दिया। पावरकॉम ने 15 लाख रुपए पार्ट पेमेंट कर ये काम शुरू करवा दिया। निगम ने 0.75 किमी सड़क खोदने की इजाजत दी, लेकिन पावरकॉम ने 2.50 किलोमीटर सड़क की खुदाई कर डाली। बकाया पेमेंट न आने के कारण निगम की ओर से पावरकॉम को काम बंद करने के दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही एलएंडटी कंपनी की ओर से हाथी कॉम्प्लेक्स रोड, उधम सिंह नगर रोड, रोजगार्डन के सामने पड़ती सड़क खोद डाली।
सड़क खोदे जाने से बढ़ी शहरवासियों की मुश्किलें: सड़क खोदे जाने के शुक्रवार को हुई बरसात में कई गाड़ियां फंस गईं। हाथी कॉम्प्लेक्स रोड पर बच्चों से भरी एक स्कूल वैन धंस गई। इसके कारण रोड पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही वहीं बच्चों को पेरेंट्स मौके से घर लेकर गए। रोजगार्डन के पास भी कई गाड़ियां फंस गईं।
फंड के अभाव में पहले से नहीं बन पा रही सड़कें
हैबोवाल मेन रोड, दाना मंडी गिल रोड, लिंक रोड, भारत नगर चौक, इश्मीत चौक सहित सहित कई सड़कें ऐसी हैं, जो फंड के अभाव में नहीं पा रही हैं। ऐसे में ये तोड़ी गई सड़कों के लिए नगर निगम फंड कहां से लाएगा, इसकी किल्लत भी लोगों को झेलनी पड़ेगी।
0.75 किमी सड़क खोदने की इजाजत दी थी, 2.5 किमी खोद डाली
निगम को 15 लाख जमा करवाए गए हैं। पहले ये काम धीमी गति से हो रहा था, अब इसमें तेजी लाई जा रही है। बाकी रुपए भी निगम को जल्द डिपोजिट कर दिए जाएंगे।
-आरपी गर्ग, एसडीओ, पावरकॉम
पावरकॉम को बकाया पेमेंट के लिए दूसरा नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस में पावरकॉम को पेमेंट अदा न करने पर काम बंद करने के लिए कहा गया है।
-सुनील शर्मा, एसडीओ, नगर निगम
पावरकॉम की ओर से पेमेंट न देने की शिकायत मेरे पास भी आई है। मैंने उन्हें नोटिस डाल काम रोकने को कह दिया है। हां, ये सही है जिस लिहाज से सड़कों की खुदाई की है, उस लिहाज से निगम ने पावरकॉम पर रोड कटिंग का चार्ज कम किया है।
-हरचरण सिंह गोहलवड़िया, मेयर
पावरकॉम शहर में खंभे शिफ्ट करने के लिए निगम से पहले पूरी राशि एडवांस में लेता है और उसके बाद भी कई महीने काम करने में लगा देता है। लेकिन यहां अच्छी भली सड़कों को मात्र 15 लाख लेकर तुड़वाना सरासर गलत है।
-भारत भूषण आशू, विधायक