पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सेल्स टैक्स के मोबाइल विंग की 14 घंटे कार्रवाई, 245 नग जब्त

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना. सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट के मोबाइल विंग ने बुधवार को रेलवे स्टेशन पर बिना बिल के माल पास करने वाले और कुछ कारोबारियों पर सख्ती करने के लिए 14 घंटे कार्रवाई की। इस दौरान डिपार्टमेंट ने बिना बिल वाली होजरी की 245 पेटियां जब्त करने के दावा किया। डिपार्टमेंट की टीम और रेलवे अफसरों में कहासुनी भी हुई। लेकिन मौके पर मौजूद अन्य अफसरों ने मामले को शांत करवाया। इसके बाद टीम अपना काम कर सकी। डिपार्टमेंट को इस कार्रवाई से लाखों रुपए का रेवेन्यू आने की संभावना है।

डिपार्टमेंट की टीम बुधवार सुबह 8.30 बजे स्टेशन पर पहुंची। कई ग्रुप में बंटकर अफसरों की टीम ने स्टेशन के माल गोदाम की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर ली। जैसे ही टीम ने माल की जांच शुरू की तो रेलवे अफसरों ने उन्हें कार्रवाई करने से रोक दिया। सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने अपने बड़े अफसरों को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने रेलवे के बड़े अफसरों से बातचीत करने के बाद कार्रवाई को जारी रखी। इस दौरान दोनों डिपार्टमेंट की टीमों में तीन बार कहासुनी हुई। दोनों डिपार्टमेंट के अफसरों ने एक-दूसरे के महकमे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए।

रेलवे अफसरों का कहना था कि बैरियर पर तैनात अफसर और पुलिस मुलाजिम मिलीभगत से ही माल स्टेशन पर पहुंचता है। महकमे की टीम पूरे शहर में नाकाबंदी कर चेकिंग कर सकती है। आखिर स्टेशन के माल गोदाम में ही चेकिंग क्यों होती है। बैरियर पर ड्यूटी दे रहे मुलाजिम हर नग के हिसाब से वसूली करते हैं। सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट के अफसरों का कहना था कि रेलवे के कुछ मुलाजिमों की मिलीभगत से ही टैक्स चोरी होता है। अगर वह लोग सेल्स टैक्स का साथ दे तो टैक्स चोरी रुक सकती है। आखिर सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट के सामने किसी भी रेलवे अफसर की नहीं चली। बड़े अफसरों के निर्देश आने के बाद उन्होंने कार्रवाई नहीं रोकी। पता चलते ही कई होजरी कारोबारी संगठनों के नेता भी मौके पर पहुंचे। लेकिन सेल्स टैक्स अफसरों की सख्ती को देखते हुए नेता भी बैरंग लौट गए।

एईटीसी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि स्टेशन के माल गोदाम में बिना बिल के काफी माल पहुंचा है। इसे लेकर ही डीईटीसी मुनीष कुमार के निर्देशों पर ही कार्रवाई की गई है। उन्हें जानकारी मिली थी कि स्टेशन पर सौ के करीब पासर काम कर रहे हैं। ये कुछ होजरी कारोबारियों की ओर से दूसरे राज्यों को भेजे जाने वाले माल को बिना बिल के बैरियर से पास करवाते हैं। इससे डिपार्टमेंट का करोड़ों रुपए के रेवेन्यू का नुकसान हो रहा है। इसी वजह से स्टेशन पर कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए बिना बिल के माल पर रूल 51 एबीसीडी के अनुसार ही 50 फीसदी जुर्माना लगाया जाएगा। माल की फिजीकल वेरीफिकेशन करवाने के बाद ही कार्रवाई होगी। टीम का नेतृत्व एईटीसी रणधीर कौर ने किया। उनके साथ ईटीओ शैलेंद्र कुमार, मनमोहन सिंह, नवदीप सिंह और पांच इंस्पेक्टर मौजूद थे। टीम ने सुरक्षा प्रबंधों काे देखते हुए अपने साथ आईआरबी की टीम के अलावा एडीसीपी अमरीक सिंह पवार, एसीपी सेंट्रल, थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर सुरिंदर मोहन, स्पेशल पुलिस बल, आरपीएफ और जीआरपी के मुलाजिम भी शामिल थे।
स्टेशन पर आने वाले चोर रास्ते को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्यादातर माल इन्हीं रास्तों से होकर आता है। बैरियर पर हर समय सुरक्षा बल और अफसर तैनात रहते हैं। इन रास्तों पर गार्डर, दीवार और पिल्लर बनाए जाएंगे, ताकि पासरों के वाहन इन रास्तों से न निकल सकें। आने वाले समय में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डिपार्टमेंट को हर राेज लाखों का रेवेन्यू लॉस हो रहा है।
-रणधीर कौर, एईटीसी
पहले सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने नियमों को ताक पर कार्रवाई शुरू की। लेकिन बाद में जब कार्रवाई कर रहे अफसरों से बात की गई तो उन्होंने रेलवे नियमों के अनुसार ही माल को जब्त किया है। अफसरों ने बिना बिल के माल को ही जब्त किया है।
-रविंदर शर्मा, स्टेशन सुपरिंटेंडेंट
होजरी का काम मंदा चला रहा है। इसके अलावा न बिजली, न लेबर है। कारोबारी पहले ही परेशान हैं। ऐसे माहौल में डिपार्टमेंट को भी चाहिए कि कारोबारियों का परेशान न करें। डिपार्टमेंट जिस जब्त माल की बात कर रहा है, उसमें काफी नग बिल वाले हैं। अफसरों को उचित कार्रवाई ही करनी चाहिए।
- दर्शन डाबर, प्रेसिडेंट, निटवियर क्लब
एईटीसी रणधीर कौर ने खुद माल के बिल चेक किए।