लुधियाना. अब केवल शहरवासियों को ही नहीं, बल्कि शहर की चुंगी के पांच किलोमीटर के दायरे में भी लोगों को सिटी बस की सुविधा मिलेगी। लुधियाना सिटी बस सर्विस लिमिटेड के इस प्रपोजल को ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के बाद सिटी बस के चार रूट्स को आगे बढ़ा दिया गया है और करीब एक लाख की आबादी इस सुविधा का फायदा उठा सकेगी।
मंगलवार को नगर निगम डी जोन में नेट कॉस्ट कॉन्ट्रेक्ट (एनसीसी) मॉडल पर शहर में 105 सिटी बसें चलाने के लिए प्री बिड मीटिंग होने जा रही है। इस मीटिंग में हिस्सा लेने को सामान्य ट्रांसपोर्टरों को भी न्यौता दिया गया है। इस मीटिंग में उक्त ट्रांसपोर्टरों व अन्य इच्छुक कंपनियों को एनसीसी मॉडल व सिटी बसों के स्टेट्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस मीटिंग में ये ट्रांसपोर्टर सिटी बस से संबंधित कोई भी सवाल पूछ सकेंगे।
किसे क्या होगा फायदा
नगर निगम को हर महीने होने वाले 50 लाख रुपए से छुटकारा मिलेगा।
शहर में सिटी बसों के चलने से आम लोगों को सफर करने में सुविधा होगी।
शहर में चार नए रूट बनेंगे। सभी रूट को 5 किमी आगे ले जाया है।
इससे शहर से सटे गांवों को भी फायदा होगा।
प्रसन्ना कंपनी का करार अभी तक रद्द नहीं
लुधियाना सिटी बस सर्विस व पूणे की प्रसन्ना पर्पल कंपनी के बीच जारी करार अभी तक रद्द नहीं हो पाया है। उक्त कंपनी को करीब 3.50 करोड़ का भुगतान किया जाना है, लेकिन फंड की उपलब्धता न होने से अभी तक ये भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में पुराने करार को खत्म किए बिना ही सिटी बस प्रबंधन ने नए करार की तैयारी कर ली है।
पिछले तीन महीने से बंद हैं सिटी बसें
शहर में पिछले करीब तीन महीने से सिटी बस सर्विस बंद हैं और लोगों को इससे रोजाना मुश्किल उठानी पड़ रही है। पहले जहां एक ही कंपनी को सभी बसों को चलाने का अधिकार दे दिया गया था, वहीं अब दो तीन रूट पर कलस्टर बनाकर चलाने की योजना बनाई गई है। बड़ी बात यह होगी कि अब सिटी बस में डीजल, ड्राइवर, कंडक्टर के साथ मेंटीनेंस का जिम्मा संबंधित कंपनी को ही होगा। कंपनी इसके एवज में निगम को एक तयशुदा रकम हर महीने भुगतान करेगी।
सिटी बसों को चलाने का खाका तैयार कर लिया गया है। चार नए रूट के साथ पुराने रूटों का विस्तार किया गया है। जिससे बसों को पहले से ज्यादा सवारियां मिलेंगे। इससे सिटी बस चलाने वाली कंपनी को फायदा होगा। इसके लिए टेक्निकल बिड मांगी गई है। -बलजीत सिंह जीएम, लुधियाना सिटी बस सर्विसेस लिमिटेड।