लुधियाना। स्वाइन फ्लू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के विभिन्न अस्पतालों में दाखिल सस्पेक्टेड मरीजों में से 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आ चुकी है। उधर, मंगलवार की सुबह कपूरथला की 63 वर्षीय महिला ने भी दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू से लुधियाना में मरने वाले मरीजों की संख्या 2 हो गई है।
कपूरथला के गांव इब्राहीम निवासी 63 वर्षीय महिला 5 फरवरी को डीएमसीएच में दाखिल हुई थी। उसका सैंपल टेस्ट के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। जहां से 7 फरवरी को उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आने से उसे स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हो गई थी। इलाज के दौरान महिला ने मंगलवार की सुबह दम तोड़ दिया। इससे पहले 7 फरवरी को जालंधर के अर्जुन नगर निवासी 35 वर्षीय युवक की क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शहर के डीएमसी, सीएमसी, फोर्टिस व अपोलो में दाखिल रहे सस्पेक्टेड मरीजों में से 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आ चुकी है।