पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Six Bullets Fired By Miscreants Barged Into The House

बदमाशों ने घर में घुसकर दागीं छह गोलियां, घरवालों ने भागकर बचाई जान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना. थाना डेहलों के खानपुर के तहत आने वाले गांव में दर्जन भर बदमाशों ने धारधार हथियारों और रिवॉल्वर से लैस होकर घर में घुसकर 6 गोलियां दाग डालीं। बदमाशों ने पूरे फिल्मी स्टाइल में इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने घर में घुसने से पहले घर के मालिक गुरप्रीत सिंह को गोलियां दागने की धमकी भी दी। धमकी मिलने से गुरप्रीत के घरवाले दहशत में आ गए और उन्हें घर से भागने पर मजबूर होना पड़ा। बदमाशों ने घर में जमकर उत्पात मचाया और घर में रखे कीमती सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने घर में रखी बाइक भी तोड़ डाली।

गुरप्रीत के बयान पर थाना डेहलों की पुलिस ने साईं दास, दीपू, सुक्खा और उनके दर्जनभर साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, गुरप्रीत के पिता लाभ सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को भी उनके बेटे के साथ आरोपी साईं दास ने मारपीट की थी। शाम को भी आरोपियों ने गुरप्रीत को मोबाइल पर धमकी दी। बदमाशों ने घर में जमकर तोड़-फोड़ कर डाली। बदमाशाें ने गोलियों और धारदार हथियारों से घर की दीवारों को भी क्षति पहुंचाई है और घर में रखे सामान को भी तहस-नहस कर डाला है। बदमाशों के खौफ से आसपास के लोग भी दहशत में आ गए और उन्होंने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। करीब दो घंटे तक हंगामा करने के बाद बदमाश फरार हो गए।
टीवी की किश्त नहीं भर पाने से शुरू हुई थी दुश्मनी
प्लंबर का काम करने वाले गुरप्रीत ने बताया कि, दो साल पहले उसने साईं दास से किश्तों पर टीवी लिया था। पहले उसकी साईं के साथ अच्छी दोस्ती थी। किसी वजह से वह टीवी की किश्त जमा नहीं कर पाया। इसी बात पर दोनों की आपस में बहस हुई थी। बाद में कई बार उनकी आपस में लड़ाई हुई। आरोपी दो बार पहले भी उसके घर में घुसकर मारपीट कर चुका है। रविवार को भी ऑटो से घर लौटने के दौरान गुरप्रीत पर साईं ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हमला कर दिया था।
(फोटो- खानपुर में घर पर हुए हमले के दौरान फ्रिज में लगी गोली का पड़ा निशान।)