लुधियाना। पंजाब में लोगों को रोजगार देने और इंडस्ट्री को स्किल मैनपावर मुहैया कराने के लिए गठित पंजाब स्किल डेवलपमेंट बोर्ड (पीएसडीबी) की पहली बैठक रविवार को यहां पीएयू में होगी। खुद सीएम परकाश सिंह बादल यहां इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रधानों के साथ बोर्ड की
समीक्षा करेंगे। काबिलेजिक्र है कि सीएम ने पिछले महीने 22 अगस्त को बोर्ड का गठन कर हीरो साइकिल के को-चेयरमैन पंकज मुंजाल को इसका चेयरमैन बनाया है।
बोर्ड के चेयरमैन पंकज मुंजाल एक महीने के दौरान बोर्ड द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावों के बारे में बताएंगे। सीएम रिव्यू बैठक में मेंबरों के नामों की घोषणा भी करेंगे। इसमें इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रधानों को शामिल किया जाएगा। फोकल प्वाइंट फेज-5 निटवियर फेसिलिटेशन सेंटर की साढ़े सात एकड़ जमीन में स्किल डेवलपमेंट बोर्ड का दफ्तर और सेंटर बनाने का फैसला हुआ है।
छह एकड़ जमीन में की जाएगी खेती
फोकल प्वाइंट फेज-5 में जिस जगह स्किल डेवलेपमेंट सेंटर बनाए जाने की घोषणा की गई है वहां साढ़े सात एकड़ जमीन है। निटवियर फैसिलिटेशन सेंटर की जमीन पर बनने वाले इस सेंटर को महज डेढ़ एकड़ जमीन की जरूरत है। इससे 6 एकड़ जमीन बेकार पड़ी रहेगी। निटवियर क्लब के चेयरमैन विनोद थापर ने खाली जमीन पर एक्जीबिशन सेंटर बनाने की मांग रखी है, लेकिन इस जमीन पर खेती व बागबानी करने की बात कही जा रही है।
(फोटो- फोकल प्वाइंट फेज-5 निटवियर फेसिलिटेशन सेंटर की साढ़े सात एकड़ की इसी जमीन में स्किल डेवलेपमेंट बोर्ड का दफ्तर और सेंटर बनाने का फैसला हुआ है।)