लुधियाना. भाईवाला चौक और आरती चौक पर आपकी गाड़ी न रुके, इसके लिए बुधवार को ऐसे ही प्लान पर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस अफसरों के बीच करीब डेढ़ घंटा चर्चा चली। इस प्लान में भाईवाला चौक और आरती चौक पर ट्रैफिक लाइट खत्म करके दो यू-टर्न के जरिए ट्रैफिक को डायवर्ट करने का सुझाव दिया गया है। इस मीटिंग में आर्किटेक्ट शाम गुप्ता की ओर से लाए गए प्लान पर नगर निगम कमिश्नर प्रदीप कुमार अग्रवाल, अस्सिटेंट कमिश्नर सतवंत सिंह, जोनल कमिश्नर पीएस घुम्मन, एसपी ट्रैफिक गुरदीप सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक डॉ. रिचा शर्मा और ट्रैफिक एक्सपर्ट राहुल वर्मा ने चर्चा की। इसमें बदलाव के कुछ सुझाव भी दिए गए।
शाम गुप्ता की ओर से लाए गए नक्शे में कुल तीन यू-टर्न का प्रावधान रखा गया था, लेकिन बाद में तीन की बजाय केवल दो ही यू-टर्न देने पर सहमति बनती दिखाई दी। फिलहाल ट्रायल के तौर पर पहले भाई वाला चौक को लिया जाएगा और इसमें करीब दो महीने का समय लग सकता है।
इस तरह वर्क करेगा पूरा प्लान
भारत नगर चौक से आने वाले ट्रैफिक को कचहरी चौक के बाद पहले भाईवाला चौक की रेड लाइट और बाद आरती चौक की रेड लाइट पर दो से तीन मिनट की ब्रेक लगानी पड़ती है। नए प्लान के मुताबिक अब कचहरी चौक से आने वाले ट्रैफिक को भाईवाला चौक पर रेड लाइट नहीं मिलेगी, अगर किसी ने टर्न लेना होगा तो उसके लिए पिज्जा हट सामने के एक बड़े चौराहे की शेप में यू-टर्न रहेगा। इस यू-टर्न के जरिए ट्रैफिक घुमारमंडी और भारत नगर चौक की तरफ वापसी हो पाएगी। ऐसे ही फिरोजपुर रोड से आने वाले ट्रैफिक को पुलिस के विजिलेंस ऑफिस के सामने से यू-टर्न लेकर घूम सकेगा। इस प्लान को लागू करने के लिए नगर निगम को फिरोजपुर रोड वाली यू-टर्न वाली जगहों पर दो बडे़ चौराहों के लिए किनारे में पार्किंग वाली साइट से कुछ जमीन के हिस्से को सड़क से जोड़ना होगा। इससे दिल्ली की तर्ज पर सीधे जाने वाले ट्रैफिक को किसी तरह की रुकावट नहीं आएगी।
इस प्लान में यहां आ रही मुश्किलें
इस प्लान में नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस को दो तरह मुश्किलें पेश आती दिखीं। दो रेड लाइट्स को बंद करने से भारत नगर चौक पर ट्रैफिक का लंबा दबाव खड़ा होता दिख रहा है। ऐसा ही दबाव हाल मल्हार सिनेमा वाले टी-प्वाइंट पर बनता दिखाई दे रहा है। नगर िनगम को इस सड़क के ट्रायल में ही एक यू-टर्न बनाने के लिए भी खर्च उठाने के साथ-साथ पािर्कंग साइड से कुछ जमीन सड़क से जोड़नी होगी।
नए प्लान पर अफसर बोले
नगर निगम की ओर से भाई वाला चौक की रेड लाइट बंद कर ट्रैफिक को यू-टर्न के जरिए घुमाने की ड्राइंग मीटिंग में डिस्कस की गई। ये प्लान लगभग वैसा ही जैसा हमने समराला चौक पर किया है। जल्द इसका ट्रायल भी किया जाएगा, इसके लिए नगर निगम को कुछ व्यवस्थाएं करनी हाेंगी।
-गुरदीप सिंह, एसपी ट्रैफिक
मीटिंग में अहम तौर पर भाईवाला चौक की रेड लाइट बंद कर यू-टर्न के प्लान पर ही फोकस रहा। यह प्लान कामयाब हो सके, इसके लिए ग्राउंड स्टेटस पर होमवर्क करने की जरूरत है। यह प्लान बेहतर है। इसके अलावा निगम से फव्वारा चौक की िसग्नल लाइट्स चालू करने की भी मांग की गई।
-राहुल वर्मा, ट्रैफिक एक्सपर्ट
प्लान पर लंबी चर्चा हुई है। ट्रायल फाइनल करने से पहले अफसरों को मौका देख ग्राउंड रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
-प्रदीप कुमार अग्रवाल, निगम कमिश्नर