पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Transfer Of Acp Who Cut Judge Car Invoice In Punjab

जज की कार का चालान काटने वाले ACP का ट्रांसफर, सिस्टम पर खड़े किए सवाल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना. लुधियाना में हाईकोर्ट के जज की कार का चालान काटने के चार दिन बाद ही एसीपी नॉर्थ (आईपीएस) ध्रुव दहिया का ट्रांसफर हो गया। 2011 बैच के आईपीएस दहिया को फर्स्ट पोस्टिंग लुधियाना में मिली थी। लेकिन वे यहां सिर्फ तीन महीने ही रह पाए। अब वे जिला होशियारपुर में दसूहा के एसीपी का पदभार संभालेंगे। दैनिक भास्कर ने जब उनसे इस तबादले को लेकर प्रतिक्रिया चाही तो दहिया बोले, 'तबादला तो मेरी नौकरी का हिस्सा है। लेकिन मुझे जहां भी भेजा जाएगा, मैं इसी तरीके से पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करता रहूंगा...।

जाते-जाते एसीपी यह कहकर सिस्टम पर सवाल कर गए कि, "अभी तो मैंने शहर की पब्लिक और पब्लिक ने पुलिस को जानना ही शुरू किया था। इस ट्रांसफर के कारण मेरे कई काम अधूरे ही छूट गए।'
ट्रांसफर के बहाने सजा
7 दिसंबर को जज की कार का चालान काटा गया था। 4 दिन बाद डीसीपी रैंक के 12 लोगों के तबादले का फरमान जारी हुआ है। संडे की दोपहर फाेन पर किसी ने पुलिस से सुभानी बिल्डिंग इलाके में नो-पार्किंग पर लाल बत्ती लगी कार के खड़े होने की शिकायत की थी। नाके पर तैनात एसीपी नॉर्थ दहिया मौके पर पहुंचे और नो-पार्किंग का चालान काटने के निर्देश दिए। बाद में आला अफसरों और रसूखदारों के फोन आने शुरू हो गए। चालान कैंसल करना पड़ा। ध्रुव दहिया ने तब भी अफसरों से दो-टूक कह दिया था कि इससे अच्छा है कि मैं इस्तीफा दे दूं।
विरोध में कई संगठन
एसीपी नार्थ ध्रुव दहिया के तबादले के बाद कई संगठनों ने सरकार के इस फैसले के विरोध में रोष प्रदर्शन किया। रोष प्रदर्शन करने वालो में एक्शन अगेंस्ट करप्शन के मेंबरों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्र कांत चड्‌ढा और जिला अध्यक्ष गुरविंदर सिंह छतवाल के नेतृत्व में रेखी सिनेमा में प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ बुक्स मार्केट के प्रधान जसपाल सिंह बंटी, बिजली मार्केट के जसमीत सिंह मक्कड़, अरोड़ा मार्केट चौड़ा बाजार के प्रधान संजीव चौधरी ने तबादले का विरोध किया।
- एसीपी ध्रुव दहिया का तबादला रूटीन में हुआ है, जो कि हैड क्वार्टर डीजीपी पंजाब की तरफ से ही किया गया है। उनके साथ डीएसपी रैंक के अन्य अफसरों के तबादले भी हुए हैं। तबादले को लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। ऐसा कुछ भी नहीं है कि किसी का चालान काटने को लेकर ही तबादला हुआ है। - प्रमोद बान, पुलिस कमिश्नर लुधियाना