पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलुधियाना. फोकल प्वाइंट के ढंडारी इलाके में स्थित स्पेयर पाट्र्स बनाने वाली कनव एग्रो इंडस्ट्री में अचानक धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के साथ ही फैक्ट्री में आग लग गई । बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में वार्निश डाइंग ओवन ओवर हीट होने से फटने के कारण धमाका हुआ। इलाके के लोगों का कहना था कि
धमाके की आवाज से आस पड़ोस की कई फैक्ट्रियों के शीशे टूट गए। जिस मशीन से धमका हुआ उसके कई हिस्से फैक्ट्री परिसर में जाकर गिरे और जिनके टकराने से मेन गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण ड्यूटी दे रहे वर्कर न्यू सम्राट कॉलोनी के रहने वाले शिवम की मौत हो गई । गंभीर रूप से घायल वर्कर तोहसीफ खान व मोहम्मद इसाद को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया । जिनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामूली रूप से घायल 4 अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने आग पर नियंत्रण पाया। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी गुरजीत सिंह, थाना फोकल प्वाइंट के इंस्पेक्टर गुरतेज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
यह हादसा रविवार रात को करीब 12 बजे हुआ। घटना के दौरान12 के करीब लोग ड्यूटी पर थे। हादसे के समय फैक्ट्री मालिक नवीन सिंगला बंगलौर गए हुए थे। उनके पिता वेद प्रकाश वहां पर मौजूद थे। वेद प्रकाश का कहना था कि हादसे के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है कि हादसा कैसे हुआ। मौके पर मौजूद इलाके के लोगों का कथित आरोप था कि सरकारी छुट्टी होने के बावजूद भी फैक्ट्री में काम चल रहा था। धमाके से पूरी फैक्ट्री में कांच ही कांच बिखरा पड़ा था। मौके पर पहुंचे पुलिस मुलाजिमों को भी मौजूद फैक्ट्री के लोगों ने अंदर नहीं जाने दिया और काफी समय के बाद ही दरवाजा खोला गया। जबकि बचाव कार्य भी लेट शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शी राम यादव , सुरेश कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में कंबाइन मशीनों के स्पेयर पाट्र्स पाट्र्स को रंगने के लिए वार्निश की भट्ठी लगी हुई है। हादसे के समय भी भट्ठी में स्पेयर रंग के बाद स्पेयर पाट्र्स रखे हुए थे। बायलर से सामान निकाल कर साथ में लगे वार्निश डाइंग ओवन में रखा जाता है। बताया जाता है कि अचानक ही हुए शार्ट सर्किट से निकट पड़े थिनर को आग लग गई। जिससे पास में लगा ओवन ओवर हीट होकर फट गया । जिससे जोरदार धमाका हुआ।
इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ही हादसा हुआ है। जिस वर्कर की हादसे में मौत हुई है उसके परिजनों के पहुंचने पर उनके बयान के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी घायल भी बयान देने के लिए फिट नहीं हैं। हादसे का शिकार होने वाले मजदूर ठेके पर काम करते थे। आम दिनों में फैक्ट्री में 30 से 35 मजदूर काम करते हैं। लेकिन छुट्टी के कारण स्टाफ कम था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.