पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आधार से लिंक होगा वोटर कार्ड, नहीं बन सकेंगी फर्जी, डबल वोटें

आधार से लिंक होगा वोटर कार्ड, नहीं बन सकेंगी फर्जी, डबल वोटें

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(इलेक्शन कानूनगो राकेश कुमार ने अपना वोटर कार्ड आधार से लिंक करवाकर पूरा प्रोसेस बताया। )
लुधियाना । अब कोई भी व्यक्ति फर्जी और डबल वोटर कार्ड नहीं बनवा सकेगा। इसके लिए इलेक्शन कमीशन आफ इंडिया (ईसीआई) सभी पुराने वोटर कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करेगा। वहीं, नए वोटर कार्ड बिना आधार नंबर के नहीं बनेंगे। लोगों को अप्लाई करते वक्त ही आधार कार्ड की कॉपी भी साथ में देनी होगी। वहीं, इलेक्शन कमीशन ने बड़ा फैसला किया है कि अब पूरे साल ही नए वोटर कार्ड या उनमें अपडेशन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। पहले हर साल नवंबर में रिवाइज करते वक्त ही एप्लीकेशन ली जाती थी। इलेक्शन कमीशन के इस आदेश को लुधियाना में इंप्लीमेंट कर दिया गया है।
लिंक कराने से जेनुइन वोटर्स की टेंशन खत्म: इस स्कीम से जेनुइन वोटर्स की टेंशन खत्म हो जाएगी। एक बार आधार अौर वोटर कार्ड का यूनीक नंबर (स्टेटवाइज) लिंक हो गए तो फिर यह डेटा ऑनलाइन पूरे देश से कनेक्ट हो जाएगा। अगर सांठगांठ कर जेनुइन वोटर की फर्जी वोट बनाने की कोशिश की जाएगी तो डेटा ऑनलाइन होने की वजह से आधार नंबर फीड करते ही वो पहले लिंक किए पुराने वोटर कार्ड को डिटेक्ट कर लेगा, चाहे वो किसी भी स्टेट में बनी हो। चूंकि नई वोट के लिए भी आधार कार्ड जरूरी है, इसलिए पहली बात तो नई फर्जी वोट बनेगी ही नहीं और अगर मुलाजिमों से सांठगांठ कर कोशिश की तो भी डेटा फीड करते वक्त आधार नंबर की वजह से यह कैंसिल हो जाएगी। वहीं, आधार लिंक करवाने के बाद लोग एक जिले या स्टेट में वोट बनवाने के बाद दूसरी जगह डबल वोट नहीं बनवा सकेंगे। उन्हें पहली जगह से वोटर कार्ड कैंसिल करवाना ही पड़ेगा।
ऐसे करवा सकते हैं आधार लिंक
ऑनलाइन : नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल की वेबसाइट www.nvsp.in खोलकर Feed your Aadhaar Number पर क्लिक करें। आगे दो ऑप्शन हैं। अगर वोटर कार्ड का नंबर है तो वोटर पहचान पत्र नंबर और राज्य (जहां बना है) सेलेक्ट कर सर्च करें। फिर वोटर कार्ड की पूरी डिटेल आ जाएगी। इसके बाद Feed Aadhaar no. पर क्लिक कर खुली विंडो में आधार कार्ड वाला नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी (दोनों में से एक जरूरी) भरकर सबमिट करते ही आधार लिंक हो जाएगा। अगर वोटर कार्ड नंबर नहीं है तो Search by Details यानी अपना नाम, डेट ऑफ बर्थ आदि भरकर सर्च कर सकते हैं। आगे का प्रोसीजर वही रहेगा।
SMS से: अगर आपके पास वोटर कार्ड नंबर है तो एसएमएस से भी लिंक कर सकते हैं। आपको मोबाइल पर इस तरह से CEOPJB (space) AD (space) voter card number (space) Aadhar no लिखकर 7738299899 पर एसएमएस भेजना होगा।
टोल फ्री नंबर से: आप टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर वोटर कार्ड (एपिक) नंबर देकर भी आधार कार्ड को वोटर कार्ड से लिंक करवा सकते हैं।
वोटर कार्ड के लिए अब घर बैठे आवेदन
नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल की वेबसाइट www.nvsp.in खोलकर Apply online for registration of new user ऑप्शन पर क्लिक करने के बाद नई वोट बनवाने का फॉर्म 6 खुल जाएगा। इसमें मांगी गई डिटेल्स भरकर अपना फोटो और आईडी-एड्रेस प्रूफ की स्कैन कॉपी अटैच कर सबमिट कर दें। एक महीने में वोटर कार्ड बनकर घर आ जाएगा। यहीं से कोई करेक्शन या अपडेशन के लिए भी अप्लाई कर सकते हैं। लोग इसी वेबसाइट से वोटर सूची में भी अपना नाम देख सकते हैं।