लुधियाना। पीठ में दर्द के बहाने मंगलवार की दोपहर इलाज के लिए पहुंचे दो हवालाती सिविल अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। लेकिन, इत्तेफाक से दोनों हवालाती जिस रास्ते से भागे वह गली आगे जाकर बंद मिली और उनका पीछा करती मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को धरदबोचा। हवालाती गुरिंदर सिंह फर्जीवाड़ा करने के मामले में और पलविंदर सिंह हत्या के आरोप में अंडर ट्रायल पर ताजपुर रोड स्थित लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था।
जेल सुपरिंटेंडेंट एसपी खन्ना ने बताया कि जगराओं के गालिब कलां का रहने वाले गुरिंदर सिंह पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। गुरिंदर 14 नवंबर से जेल में था जबकि, संत नगर का रहने वाला परविंदर हत्या के आरोप में 24 अगस्त 2013 से जेल में है। दोनों आरोपियों ने सुबह पीठ में दर्द की शिकायत की थी। जेल के मुलाजिम एंबुलेंस की मदद से दोनों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे।
डॉक्टरों की टीम ने दोनों का चैकअप किया। इसके बाद दोनों एक्स-रे के लिए पहुंचे। इसी दौरान दोनों पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। उनके पीछे पुलिस के मुलाजिम भी भागे। दोनों हवालाती एक बंद गली में घुस गए जहां दोनों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची थाना डिवीजन नं.2 की पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
(फोटो- सिविल अस्पताल से आरोपियों को पकड़कर ले जाती पुलिस।)