बठिंडा. वेव वर्ल्ड
कबड्डी लीग के दूसरे दिन पहले लीग मैच में वेंकूवर लाॅयंस ने पंजाब थंडर्स को 57-46 के अंतर से पराजित कर दिया। वेंकूवर लाॅयंस ने शुरू से दबदबा बनाना शुरू कर दिया, जो अंत तक जारी रहा।
पहले वाटर ब्रेक तक वेंकूवर के 15 व पंजाब थंडर्स के 13 अंक ही बन पाए। जबकि हाफ टाइम तक लांयस के 28 व पंजाब थंडर्स के 24 अंक रहे। दूसरी वाटर ब्रेक तक लाॅयंस की टीम हावी हो चुकी थी और 41 अंक के साथ बढ़त बनाए हुई थी। अंत में वेंकूवर लाॅयंस के 57 व पंजाब थंडर्स के 46 अंक रहे और 11 अंकों के अंतर से वेंकूवर ने यह मुकाबला जीत लिया। पंजाब थंडर्स टीम की बठिंडा में लगातार यह दूसरी हार है। जबकि वेंकूवर की लीग में लगातार दूसरी जीत है। विजेता टीम के लिए बलवान सिंह, सुखवीर सरावां, गगनदीप सभरावां, गगनदीप सत्ती ने अच्छा प्रदर्शन किया। वेंकूवर लाॅयंस के रेडर बलवान सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान बलवान सिंह ने 18 सफल रेड लगाई। गगनदीप सत्ती को मैच का बेस्ट स्टॉपर चुना गया। खिलाड़ियों को अवार्ड देने के लिए पंजाब के कैबिनेट मिनिस्टर सिकंदर सिंह मलूका व गुरदीप सिंह मुंडी पहुंचे। इस मैच में रेडर बलवान सिंह ने 18, गगनदीप सभरावां ने 12 व सुखवीर सरावां ने 11 जफफे लगाए जबकि स्टॉपर गगनदीप सत्ती ने 4 नरिंद्र बिटटू दुगाल ने 2 अंक प्राप्त किए। जबकि पंजाब थंडर्स टीम के रेडर सुलतान सिंह ने 12, तलविंदर सिंह ने 15 व गुरप्रीत सिंह ने 11 अंक प्राप्त किए।
कैलिफोर्निया ईग्लस ने किंग्स को हराया
दूसरे मैच में कैलिफोर्निया ईग्लस ने रॉयल किंग्स यूएसए को 63-51 से शिकस्त दी। ईग्लस के जगमोहन सिंह को मैन ऑफ द मैच और यूएसए के अब्दुल को बेस्ट स्टॉपर चुना गया।
लाॅयंस और पंजाब थंडर्स के बीच मैच के दौरान एक दूसरे से जूझते खिलाड़ी।