लुधियाना. डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को साइकिल और सिलाई मशीन पार्ट्स को वैट फ्री करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वीरवार (18 दिसंबर) को चंडीगढ़ में अफसरों के साथ मीटिंग कर इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी की जाएगी। इस फैसले के बाद सिलाई मशीन 4 फीसदी सस्ती हो जाएगी। लेकिन साइकिल इंडस्ट्रियलिस्ट्स इस फैसले पर एकमत नहीं हैं। साइकिल इंडस्ट्रियलिस्ट्स सोमवार को मीटिंग कर सभी से राय लेंगे कि साइकिल पार्ट्स इंडस्ट्री को वैट फ्री किया जाए या 2.50 फीसदी वैट लगाया जाए।
2000 वाली सिलाई मशीन अब 1920 में
सिलाई मशीन पार्ट्स मैन्युफैक्चरर्स के प्रधान जगबीर सिंह सोखी कहते हैं कि अभी रॉ मैटेरियल की खरीद पर 6.05 फीसदी वैट लगता है। सरकार की वैट फ्री नोटिफिकेशन के बाद सिलाई मशीन करीब 4 फीसदी तक सस्ती हो जाएगी। एक नॉर्मल सिलाई मशीन करीब 2000 रुपए की आती है, ये 1920 रुपए की रह जाएगी। इससे न केवल चीन की सिलाई मशीन से लुधियाना के मैन्युफैक्चरर्स कंपीटिशन कर सकेंगे, बल्कि कई तरह के पेपर वर्क व एक्साइज एंड टेक्सेशन डिपार्टमेंट के चक्कर काटने से मुक्ति मिल सकेगी।
2300 इंडस्ट्रियलिस्ट्स को 2.50 फीसदी का नुकसान
यूसीपीएमए के प्रधान चरणजीत सिंह विश्वकर्मा के मुताबिक साइकिल पार्ट्स मैन्युफैक्चरर्स स्टील व रॉ मैटेरियल खरीद पर 2.50 फीसदी वैट देते हैं। अगर साइकिल इंडस्ट्री वैट मुक्त हो गई तो वे साइकिल पर 2.50 फीसदी वैट का क्लेम नहीं कर सकेंगे। साइकिल पार्ट्स वैट मुक्त होता है तो करीब 2300 इंडस्ट्रियलिस्ट्स 2.50 फीसदी का नुकसान उठाएंगे या फिर साइकिल की कीमत बढ़ा देंगे। इससे 2600 रुपए वाली काली साइकिल के रेट में करीब 40 रुपए की वृद्धि होगी। साइकिल पार्ट्स पर अगर 2.50 फीसदी वैट लगता है तो इंडस्ट्रियलिस्ट्स को रॉ मैटेरियल खरीद पर कटने वाले 2.50 फीसदी वैट का रिफंड मिल सकेगा। इससे साइकिल की कीमत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही साइिकल इंडस्ट्रियलिस्ट्स को वैट रिफंड के लिए बनाने वाली फाइलों, वैट रिफंड की प्रॉब्लम से गुजरना पड़ेगा।
सीआईसीयू के जनरल सेक्रेटरी उपकार सिंह आहूजा के घर लंच पर पहुंचे डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने सभी इंडस्ट्रियलिस्ट्स से बातचीत की। सीआईसीयू के प्रधान अवतार सिंह व यूसीपीएमए के प्रधान चरणजीत सिंह विश्वकर्मा ने साइकिल पार्ट्स व सिलाई मशीन को वैट मुक्त करने की मांग रखी। इस पर डिप्टी सीएम ने दोनों इंडस्ट्री को वैट फ्री करने का ऐलान किया। हालांकि बाद में कुछ साइकिल इंडस्ट्रियलिस्ट्स ने वैट मुक्त से नुकसान की बात रखी, तो सुखबीर ने कहा कि साइकिल इंडस्ट्रियलिस्ट्स आपस में मीटिंग कर तय कर लें कि वे क्या चाहते हैं। देर शाम यूसीपीएमए के प्रधान चरणजीत सिंह विश्वकर्मा ने कहा कि इस पर इंडस्ट्रियलिस्ट्स की सोमवार को मीटिंग कर राय जानेंगे। इसके बाद वीरवार को डिप्टी सीएम से चंडीगढ़ में दोबारा मिलेंगे