- Hindi News
- सेवा अथाॅरिटी मुफ्त वकील देकर दिलवाती है लोगों को न्याय: कंबोज
सेवा अथाॅरिटी मुफ्त वकील देकर दिलवाती है लोगों को न्याय: कंबोज
जिलाकानूनी सेवा आथोरिटी की ओर से स्वामी केशवानंद सीसे स्कूल, खुशदिल मॉडल हाई स्कूल में कानूनी जागरुकता सेमिनार लगाया गया। सेमिनार में जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी की ओर से बीएल सिक्का सेवानिवृत एसडीएम, कर्नल दिलबाग सिंह और नगर परिषद के कानूनी सलाहकार एडवोकेट देस राज कम्बोज विशेष मेहमान के तौर पर उपस्थित हुए। एडवोकेट कम्बोज ने बताया कि वकीलों के अलावा चुने गए नुमाइंदों, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सेवाएं देकर जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को इंसाफ दिलवाने का संकल्प लिया।
कम्बोज ने बताया कि कानूनी सेमिनार के अलावा जागरुकता कैंप, विचार गोष्ठी, भाषण मुकाबले, नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं करवा कर भी औरतों के अधिकार, मजदूरों के अधिकार, अनेकों सामजिक समस्याओं को हल करवाया जा सकता है। सिक्का ने बताया कि मुफ्त कानूनी सेवाएं मुहैया करवाने के लिए वकीलों के अलावा विद्यार्थी, अध्यापक, डाक्टर, सरकारी कर्मचारी, आंगनवाड़ी वर्करों को आगे आना चाहिए।
कर्नल दिलबाग सिंह ने कहा कि फिरोजपुर जिला मुख्यालय पर एक स्थाई लोक अदालत कानून विभाग द्वारा लगाई गई है, जिसमें कोई उपभोक्ता अपने बैंकिंग, फाइनांस, अस्पताल, डिस्पेंसरी, बिजली विभाग, ट्रांसपोर्ट, वाटर सप्लाई, सीवरेज बोर्ड, जीवन बीमा निगम और जन उपयोगी सेवाओं के बारे में कोई भी शिकायत लिखकर दे सकता है। उन्हें तुरंत मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। स्कूलों के प्रिंसीपल अनुराग नागपाल, श्रीमती चांदबाला, गुरचरण सिंह, प्रेम सिंह रिटायर्ड पोस्ट मास्टर, शिक्षकगण, अभिभावक, विद्यार्थी तथा क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
जिला कानूनी सेवा आथोरिटी की ओर से लगाए गए सेमिनार में उपस्थित छात्र-छात्राएं