एटीएम से महिला को 25 हजार की चपत लगाई
एटीएमसे पैसे निकालने आई एक विवाहिता को एक लड़के ने 25 हजार रुपये का चूना लगा दिया। जब तक महिला अपना एटीएम चेक करती तब तक रुपयों की चंपत लगाने वाला कहां गायब हो गया किसी को पता नहीं चला।
घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के बाहर लगे एटीएम की है, जहां 25-30 वर्ष की एक महिला अपने पति के साथ आई। महिला बच्चे को लेकर पैसे निकलवाने के लिए एटीएम कक्ष में चली गई, जबकि उसका पति किसी काम से बैंक में चला गया। एटीएम से रकम निकालने के लिए महिला ने अपना एटीएम कार्ड मशीन में डाला। इसी दौरान उनके पास खड़े एक छोटी उम्र के लड़के ने एटीएम मशीन में मदद का प्रस्ताव रखा और पलक-झपकते ही एटीएम से 25 हजार रुपये की धनराशि गायब कर दी। जाते-जाते महिला को उसके एटीएम कार्ड की बजाय कोई और कार्ड थमाकर चला गया। लड़के के चले जाने के बाद महिला ने अपने बैंक अकाउंट को चेक किया तो हैरान रह गई। बैंक अकाउंट से करीब 25 हजार रुपए की राशि निकाली जा चुकी थी। उपरोक्त रकम उस युवक ने किसी अन्य खाते में ट्रांसफर की या खुद निकालकर ले गया इसका पता नहीं चल पाया है। महिला ने इस संदर्भ में पुलिस को शिकायत देकर एटीएम कक्ष के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी को पकड़ने की गुहार लगाई है।