शहर का ट्रैफिक दो होमगार्डों के सहारे
शहरमेंसुबह से लेकर शाम तक अतिक्रमण ट्रैफिक समस्या के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन पुलिस आैर नगर कौंसिल प्रशासन समस्या हल करवाने की बजाए मूकदर्शक बने हुए हैं।
भद्दी आैर गहूंण रोड और मेन चौक में सबसे ज्यादा ट्रैफिक समस्या रहती है। शहरवासियों की मानें तो इस समस्या के हल के प्रति नप ट्रैफिक प्रशासन गंभीर नहीं दिखाई दे रहा। शहर में नप द्वारा दीवाली के त्योहार से पहले अतिक्रमण मुहिम चलाकर सिर्फ खानापूर्ति की थी। चार माह बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शहर में खरीददारी करने आने वाले लोग जहां चाहें अपनी गाडिय़ां पार्क करके चले जाते हैं, जिस कारण ट्रैफिक जाम हो जाता है और लोगों को गुजरने में काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। और तो और शहर में ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए कोई भी ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी नहीं है, सिर्फ दो होमगार्ड मुलाजिमों के भरोसे ही ट्रैफिक कंट्रोल का जिम्मा है। होमगार्ड के दोनों मुलाजिम मेन चौंक में ही ट्रैफिक कंट्रोल की कोशिश में लगे रहते हैं, जबकि गहूंण रोड भद्दी पर यह व्यवस्था चरमराई जाती है।
बलाचौर में चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था के कारण जाम में फंसे वाहन।
सेठी उधनेवाल ने कहा कि पुलिस के पास ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए कोई उपाय नहीं है। सिर्फ दो होमगार्ड के सहारे ट्रैफिक कंट्रोल करना ठीक नहीं। पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में जल्द ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई जाएं।
शहर के रिक्की बजाज, पार्षद रामा धीमान ने कहा कि दीवाली से पहले चलाई अतिक्रमण मुहिम से थोड़ी-बहुत सख्ती दिखी थी। अब फिर दुकानदारों ने नाली पर सामान रखना शुरू कर दिया है। शहर में अतिक्रमण ट्रैफिक समस्या का हल होने से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी सर्बजीत सिंह ने कहा कि नप की इंस्पेक्टर जसविंदर पिछले लंबे समय से छुट्टी पर हैं। जल्द ही शहर में अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई जाएगी। एसएसपी स्नेह दीप शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक समस्या के कारणों का पता लगाकर उसका हल किया जाएगा। अगर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी लगाने की जरूरत होगी तो उस पर विचार किया जाएगा।