एकजुटता से होगा नशे का खात्मा : संधू
नशे की बुराई
जागृत पंजाबसमाजसेवी संस्था गांववासियों के सहयोग से गांव सजावलपुर में नशे के खिलाफ जागरूकता सेमिनार नाटकों का मंचन किया गया। संस्था के प्रधान डा. राजदीप सिंह संधू ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी नशों से बर्बाद हो रही है। हम सभी को एकजुट होकर इस कुरीति को जड़ से खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि परिवार आस-पड़ोस के लोग अपना फर्ज समझकर नौजवान पीढ़ी की रक्षा के लिए समाजसेवी संस्था का सहयोग करें, ताकि हमारे बच्चे सुरक्षित समाज में रह सकें। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वाले पहले तो अपने एजेंट के जरिए युवाओं को मुफ्त में नशा प्रदान करते हैं, इसके बाद चोरी लूटपाट करके नशा खरीदने के लिए मजबूर कर देते हैं। मेजर जरनैल सिंह ने कहा कि नशा कहां से आता है और इसे कौन बेचता है इसका जवाब सबके पास है परंतु कोई अकेला व्यक्ति इसका विरोध नहीं कर पाता। इसलिए हमें एक-दूसरे का सहारा बनकर नशा रूपी आतंक के खिलाफ लड़ना है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण आज की युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। उसे बचाने के लिए नशे की बुराई को खत्म करना होगा। सेमिनार में लोगों के लिए जागरूकता नाटक करवाया गया ताकि लोगों को नशे की बुराई को दूर करने के लिए प्रेरित किया जा सके।
सेमिनार को राजिंदर सिंह छिंदी ने भी संबोधित किया। इस दौरान जागृत नाटक मंच ने जागरूकता नाटक भी पेश किया। लोगों को नाटक के जरिए नशे को जड़ से उखाड़ फेंकने के प्रति प्रेरित किया गया। नशे को समाज से हटाने का प्रयास किया गया। इस मौके पर गांव के गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चूहड़ सिंह, दलवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलिहार सिंह, कुलविंदर सिंह गोरा आदि मौजूद रहे।
गांव सजावलपुर में जागरूकता नाटक पेश करते हुए कलाकार।
जागरूकता सेमिनार में मौजूद संस्था के पदाधिकारी, सदस्य गणमान्य व्यक्ति।