छेड़छाड़ करने वालों की गाड़ी तोड़ी
गांव खानखाना के लोगों ने लड़कियों को छेड़ने वाले युवकों को घेर लिया आैर उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। लोगों को देखकर कोई भी युवक गाड़ी से नहीं उतरा आैर भाग गए। गांव खानखाना में कॉलेज जाने वाली लड़कियां बस पकड़ने के लिए एक जगह इकट्ठा होती हैं। इन्हें कुछ दिन से गाड़ी सवार सिरफिरे परेशान कर रहे थे। हद तब हो गई जब एक युवक ने गांव की लड़की को जबरदस्ती चिट्ठी थमाने की कोशिश की। लड़की ने इसके बारे परिजनों को बताया को परिजन दूसरे दिन बस स्टाप के पास छुपकर बैठ गए। दूसरे दिन भी युवक नई गाड़ी लेकर बस स्टाप पर गए आैर लड़कियों को छेड़ने लगे। इसके बाद छुपकर बैठे लोगों ने इन्हें घेर लिया आैर इनकी गाड़ी को लाठियां मारकर तोड़ दिया। इसके बाद युवक गाड़ी स्टार्ट कर खेतों से होते हुए फरार हो गए। परिजनों ने गाड़ी का नंबर लिखकर थाना सदर पुलिस को इसकी शिकायत दी है। थाना सदर पुलिस के अनुसार शिकायत मिल गई है, गाड़ी का नंबर ट्रेस कर युवकों को पकड़ कर लिया जाएगा।