बेमियादी धरने पर पेंडू मजदूर यूनियन
पेंडूमजदूर यूनियन ने मंगलवार को जिला प्रधान भूपिंदर मान की अगुवाई में गांव कुलार में ढेर फैंकने की जगह देने की मांग को लेकर बीडीओ कार्यालय के आगे बेमियादी धरना शुरू किया।
मान ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को लंबे समय से लटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव कुलार के लोगों के लिए ढेर फैंकने की जगह नहीं है। इस मांग को लेकर एसडीएम को कई बार प्रदर्शन करके मांगपत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन उनकी इस मांग को अभी तक पूरा नहीं किया गया। इसलिए यूनियन द्वारा यह धरना शुरू किया गया है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि यूनियन की अन्य मांगों में मजदूरों को 10-10 मरले के प्लाट देने, मकान बनाने के लिए 3 लाख रुपए की ग्रांट देने की मांगें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं तब तक संघर्ष जारी रहेगा। धरने प्रदर्शन के दौरान काफी समय तक यातायात भी बाधित रहा, जबकि नायब तहसीलदार गुरजिंदर सिंह ने धरनाकारियों के साथ बातचीत भी की। इस मौके पर अवतार तारी, गुरदयाल रक्कड़, गुरदीप बंगा, अशोक जनागल, जसविंदर स्याणा, पुरुषोत्तम मेहंदीपुर, बूटा राम, मोहन लाल, बगीचा सहूंगड़ा, जसवीर कौर, कमला कुलार, बचनी, कश्मीर कौर मौजूद रहे।
गांव कुलार के इस मामले को लेकर गांववासियों ने तीन दिन पहले ही बीडीपीओ दफ्तर के अंदर धरना देने की बात कह दी थी, जिसके बाद बीडीओ के मेन गेट को आज सुबह ताला लगा दिया गया। ताला लगा देख प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। यातायात बाधित होता देख दफ्तर के ताले खोले गए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी बीडीपीओ दफ्तर के प्रांगण में अपना धरना लगाकर बैठ गए हैं।
10-10 मरले के प्लाट और मकान के लिए 3-3 लाख रुपए भी दिए जाएं।