अवानी टैक्सटाइल्स के गोदाम में लगी आग
पटियालारोड स्थित धागा मिल के गोदाम में आग लग जाने से करोड़ों रुपए की कॉटन जलकर राख हो गई है। बेकाबू आग ने पूरी इमारत को भी ध्वस्त कर दिया है। आग पर तीन जिलों की पांच गाडिय़ां काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। सोमवार तक आग पर काबू पाए जाने की उम्मीद है। हालांकि आग लगने के कारणों की कोई ठोस वजह तो नहीं पता चली है परंतु आशंका जताई जा रही है कि रात के समय आसमानी बिजली के कारण आग लगी है।
पटियाला रोड पर गांव भिंडरा के पास स्थित अवानी टैक्सटाइल्स के डायरेक्टर शिव कुमार गोयल ने बताया है कि गोदाम में धागा बनाने के लिए कॉटन की करीब आठ हजार गांठों को स्टोर किया गया था। शनिवार की रात करीब 12.30 बजे यूनिट मैनेजर का फोन आया कि मिल गोदाम में आग लग गई है। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने के लिए मिल का निजी दस्ता प्रयास कर रहा था परंतु बेकाबू आग को रोकने के लिए उन्होंने तुरंत संगरूर, मालेरकोटला, बरनाला, समाना फायर ब्रिगेड को सूचित किया। कुछ समय के बाद ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां भी मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। तीन जिलों की पांच फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। शिव कुमार गोयल ने बताया है कि गोदाम में प्रति पौने दो क्विंटल की करीब 8 हजार गांठों को स्टोर किया गया था। इससे मिल में धागा बनाया जाता है। करीब 10 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि आग का कारण आसमानी बिजली हो सकती है गोदाम के पास बिजली को कोई संबंध नहीं दिया है।