पुलिस के खिलाफ लोगों में रोष, लगाया जाम
भास्कर न्यूज | भदौड/शैहणा(बरनाला)
शनिवारको तेज रफ्तार ट्रक ने एक नौजवान को रौंद दिया, जिससे नौजवान की मौत हो गई थी। पुलिस द्वारा घटना के 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई ना करने से गुस्साए लोगों और किसान नेताओं ने इंसाफ लेने के लिए रविवार को बरनाला-बाजाखाना रोड पर तीन घंटे सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। भाकियू के सीनियर नेता चमकौर सिंह नैणेवालियां ने कहा कि गत 13 दिसंबर की शाम को ट्रक यूनियन भदौड के तेज रफ्तार ट्रक ने तपा से भदौड़ लौट रहे 22 साल के छन्ना गुलाब सिंह निवासी जगदीप सिंह को गांव नैणेवाल की मंडी के पास रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वह अपनी बाइक पर लौट रहा था। जब लोगों ने थाने जाकर पुलिस से ट्रक चालक खिलाफ कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने कोई जवाब नहीं दिया बल्कि लोगों को भरोसा देकर थाने से भेज दिया। रविवार को गुस्साए लोगों ने जाम लगाया। बलजीत सिंह छन्ना , हरबंस सिंह भदौड़, उजागर सिंह ने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती तब तक धरना जारी रहेगा। गुस्साए लोगों ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने से भी मना कर दिया। इस अवसर पर साबका सरपंच निर्भय सिंह गांधी, जसपाल सिंह पाली, अमर सिंह बीए आदि भी मौजूद थे। (साहिब संधू)
एसएसपी ने कार्रवाई के दिए आदेश
एसएसपीउपिंदरजीत सिंह घुम्मण ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना भदौड के एसएचओ परमिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार को बरनाला-बाजाखाना रोड पर सड़क पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।