- Hindi News
- भ्रष्टाचार के खिलाफ भट्ठा मालिकों ने लगाया जाम
भ्रष्टाचार के खिलाफ भट्ठा मालिकों ने लगाया जाम
भ्रष्टाचारसे तंग बरनाला, संगरूर और पटियाला जिले के भट्ठा मालिकों ने बुधवार को शहर के बरनाला-चंडीगढ़ हाईवे पर टी-प्वाइंट के पास चक्का जाम कर जमकर रोष प्रदर्शन किया। भट्ठा मालिकों ने पटियाला से आरटीए ऑफिस के एडीटीओ केसरपाल सिंह पर पैसे लेकर उनकी गाड़ियां छोड़ने का आरोप लगाया है। बुधवार को एडीटीओ को शहर के एक भट्ठे के सामने खड़े होकर पैसे मांगने के आरोप में भट्ठा मालिकों ने उसे घेर लिया। इस दौरान भट्ठा मालिकों ने धरना लगाकर एडीटीओ पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों के हाईवे जाम करने के बाद टी-प्वाइंट के पास सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
संगरूर से पहुंचे भट्ठा एसो. के जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह सेखों और जिला बरनाला के भट्ठा एसो. के अध्यक्ष राजीव वर्मा रिम्पी ने बताया कि वह भ्रष्टाचार से काफी दुखी है। पटियाला के आरटीए ऑफिस के एडीटीओ केसरपाल सिंह भट्ठा मालिकों से रिश्वत लेकर उन्हें परेशान कर रहा है।
एडीटीओ के पास बरनाला, संगरूर और पटियाला जिला का चार्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडीटीओ रोजाना कभी बरनाला तो कभी संगरूर आकर भट्ठों के सामने अपनी गाड़ी लगा लेता है और जैसे ही भट्ठे से ईंटों की कोई भी ट्राली या रेहडा भट्ठे से बाहर निकलता है तो वह पैसों की मांग करता है। पैसे देने पर गाड़ी बंद करने की धमकी दी जाती है। उन्होंने कई बार पटियाला में विभाग के वरिष्ठाधकारियों से बात कर एडीटीओ की लिखित और मौखिक शिकायतें भी कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बरनाला, संगरूर और पटियाला जिले के भट्ठा मालिकों ने किया प्रदर्शन
एडीटीओ पर होगी कार्रवाई
^एडीटीओपर कार्रवाई और उसकी बदली के लिए विभाग के वरिष्ठाधिकारियों को लिखा गया है। एडीटीओ पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। गुरलवलीनसिंह सिद्धू , डीसी
भट्ठा मालिकों के सभी आरोप बेबुनियाद
^प्रदर्शनकारियोंऔर भट्ठा मालिकों द्वारा लगाए गए सभी आरोप को बेबुनियाद है। साजिश के तहत हमें फंसाया जा रहा है। कई सालों से नौकरी करने के बावजूद भ्रष्टाचार का कोई केस नहीं है। केसरपालसिंह, एडीटीओ, इंचार्ज, पटियाला, बरनाला और संगरूर।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की डीसी के साथ बैठक करवाई। बैठक में प्रदर्शनकारियों ने डीसी को पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। डीसी गुरलवलीन सिंह सिद्धू के साथ एक घंटे तक चली बैठक में डीसी ने प्रदर्शनकारियों को एडीटीओ पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि एडीटीओ की बदली के लिए विभाग के वरिष्ठाधिकारियों को भी लिखा जा रहा है। डीसी के आदेशों पर एडीटीओ केसरपाल सिंह ने प्रदर्शनकारियों से माफी भी मांगी और एडीटीओ को पुलिस ने छोड़ दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
बैठक में प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत करते डीसी।
एडीटीओ अपने साथ पांच साथियों के साथ अपनी क्वालिस गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर टी-प्वाइंट के पास शंकर कुमार के भट्ठे के पास पहुंचा। जहां एडीटीओ ने भट्ठे के सामने अपनी गाड़ी खड़ी कर ली। जैसे ही भट्ठे से ईंटों की ट्राली भरकर बाहर निकली तो रोक लिया और पैसे देने की मांग की। जिससे गुस्साए संगरूर बरनाला के भट्ठा मालिकों ने एडीटीओ की गाड़ी सहित उसका घेराव कर हाईवे पर चक्का जाम कर जमकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए एडीटीओ के साथ आए साथी मौका पाते भाग निकले, जबकि एडीटीओ को काबू कर लिया गया। प्रदर्शनकारियों प्रेम गुप्ता, विजय कुमार, प्रेम कुमार, सोनू बांसल, शुभकरन शर्मा, धरमिंदर कुमार, भोला सिंह, विक्की, भूषण कुमार ने एडीटीओ पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों के रोष को देखते हुए डीएसपी पलविंदर चीमां ने एडीटीओ केसरपाल सिंह को हिरासत में लेकर उसे पुलिस जिप्सी में बैठाकर थाने ले गए।
भट्ठा मालिकों के प्रदर्शन के बाद एडीटीओ को हिरासत में लेते एसएचओ सिटी कुलदीप सिंह विर्क।
बुधवार को बरनाला में नेशनल हाईवे पर धरना लगाकर चक्काजाम कर एडीटीओ के खिलाफ नारेबाजी करते प्रदर्शनकारी।