\"30 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दें\'
शिरोमणिअकाली दल (लोंगोवाल) ने पंजाब सरकार से मांग की है कि मौसम की मार के कारण किसानों की बर्बाद हुई फसलों के लिए 30 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए और साथ ही धान की फसल पर 200 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए।
शिरोमणि अकाली दल(लोंगोवाल)की राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी सुरजीत कौर बरनाला सोमवार को अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। इस अवसर पर बीबी बरनाला ने पुराने और नये नेताओं वर्करों से बैठक की। जहां उन्होंने दोबारा से सर्कल स्तर से पार्टी का नया ढांचा तैयार करने का ऐलान किया। बीबी बरनाला ने कहा कि मोदी सरकार से लोग पुरी तरह से दुखी हैं। अकाली-भाजपा सरकार हर फ्रंट पर फेल हो चुकी है और सरकार का खजाना भी खाली हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब केन्द्र में यूपीए की सरकार थी तो यूपीए सरकार एफडीआई को ला रही थी, जिसका भाजपा ने विरोध किया था लेकिन अब वही भाजपा केन्द्र में सरकार बनने के बाद एफडीआई को लाने जा रही है। यह लोगों के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। इसके अलावा सरकार हर क्षेत्र में निवेश करवाने के लिए विदेशी कंपनियों को भारत बुलाकर देश को गुलाम करना चाहती है। मौके पर पार्टी के महासचिव गुरमेल सिंह, गुरमेल सिंह, राज धौला, जरनैल सिंह, करमपाल सिंह चीमा, गुरमीत सिंह धौला, गुरतेज सिंह पत्ती सेखवां, मास्टर पवन कुमार, सुभाष बांसल ने भी बैठक को संबोधित किया।
अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते बीबी सुरजीत कौर बरनाला।