- Hindi News
- वार्डबंदी की घोषणा से पहले नगर काउंसिल चुनाव की डेडलाइन घोषित
वार्डबंदी की घोषणा से पहले नगर काउंसिल चुनाव की डेडलाइन घोषित
पंजाबप्रदेश चुनाव कमिश्नर की तरफ से प्रदेश की सभी नगरपालिका के चुनाव की डेडलाइन 2 दिसंबर घोषित कर दी गई है। इस घोषणा के बाद चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी असमंजस में पड़ गए हैं। क्योंकि चुनाव की आखरी तारीख तो तय है लेकिन अभी तक वार्डबंदी तय नहीं की गई है।
शहर का कौन-सा इलाका किसके वार्ड में जाएगा ये अभी तक तय नहीं है। जिसके चलते चुनाव में लगभग दो महीने शेष रहते भी संभावित प्रत्याशियों ने लोगों से संपर्क साधना शुरू नहीं किया। उन्हें इस बात का डर है कि जिस क्षेत्र में वे ज्यादा ध्यान दे वह क्षेत्र उनके वार्ड से कट ही ना जाए।
शहर की नई वार्डबंदी में वार्डों की संख्या 25 से बढ़कर 31 होनी तय है। सभी वार्डों को बराबर वोट में बांटा जाएगा। मौजूदा स्थिति में कई वार्डों में वोटरों की संख्या 6 हजार से भी अधिक है कई वार्डों में 2 हजार से कम है। इसके चलते लगभग सभी वार्डों में फेरबदल होने की पूरी संभावना है। इसके अलावा कौन सा वार्ड एसी और महिला रिजर्व रखा जाएगा वह किसी जनरल घोषित किया जाएगा। ये अभी तक साफ नहीं है।
वार्डबंदी कमेटी के मेंबर और यूथ अकाली दल के जिला प्रधान रविंदर सिंह रम्मी का कहना है कि इस तस्वीर को साफ होने में अभी समय लगेगा। 23 सितंबर को वार्डबंदी कमेटी की बैठक में सभी वार्डों की तस्वीर साफ की जाएगी। इसके बाद सभी पार्टियों लोगों के ऐतराज लिए जाएंगे। फिर एक हफ्ते के अंदर उन पर विचार कर सरकार की तरफ से अंतिम फैसला लिया जाएगा।