- Hindi News
- ड्रग माफियों ने पंजाब की जवानी को खत्म कर दिया है : खैहरा
ड्रग माफियों ने पंजाब की जवानी को खत्म कर दिया है : खैहरा
कांग्रेसपार्टी के वरिष्ठ नेता सुखपाल खैहरा ने कहा कि पंजाब को अंग्रेज तो खत्म कर नहीं सके लेकिन राज्य में फैले ड्रग माफियों ने पंजाब की जवानी को जरूर खत्म कर दिया है। खैहरा बरनाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में जगह-जगह माफियों का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार नशे के खिलाफ गंभीर नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद मिली करारी हार के बाद अकालियों ने छोटे लोगों को नशे के झूठे मामले में पकड़कर उन्हें जेलों में धकेल दिया, लेकिन बड़े लोगों को सरकार अभी तक नहीं पकड़ सकी। खुद पंजाब के कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया का नाम कई बार ड्रग माफिया के रूप में सामने आने पर अभी तक मजीठिया खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग माफिया के अलावा रेत माफिया, लैंड माफिया, शराब माफिया, ट्रांसपोर्ट माफिया, वर्दीधारी माफिया, राजनीतिक माफिया का भी बोलबाला है। कांग्रेस पार्टी में रही गुटबंदी पर खैहरा ने कहा कि मामला कांग्रेस हाईकमान के नोटिस में है। आने वाले दिनों में पार्टी अपना खोया हुआ रुतबा दोबारा से कायम करेगी और अकालियों को पंजाब से चलता किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के प्रधान परमजीत सिंह मान, नरेंदर शर्मा, सूरत सिंह बाजवा, गुरप्रीत रंधावा आदि मौजूद थे।
बरनाला में पत्रकारों से बातचीत करते पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखपाल खैहरा।