काले चोले पहनकर पैदल मार्च किया
टेक्नीकलसर्विसेस यूनियन बरनाला और पीएसईबी इंप्लाॅइज ने पंजाब सरकार और पावरकॉम की मुलाजिम विरोधी नीतियों के खिलाफ सर्किल दफ्तर के सामने काले चोले पहनकर शहर में पैदल रोष मार्च निकाला और एसई दफ्तर के सामने धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए गुरदीप सिंह मांगेवाल और रणजीत सिंह ने कहा कि पावरकॉम की मैनेजमेंट की तरफ से मुलाजिमों की मांगों को लंबे समय से अनदेखा किया जा रहा है। बनारसी दास और जगदेव सिंह बाहिया ने कहा कि निजीकरण की नीति लागू करते हुए मुलाजिमों की कम हो रही संख्या के मुताबिक नई भर्ती नहीं की जा रही है। बल्कि ठेका प्रणाली को लागू कर मुलाजिमों की रोजी-रोटी पर लात मारी जा रही है। इसके साथ ही मुलाजिमों को ग्रेड-पे में बढ़ोतरी करने के नाम पर उनसे धोखा किया जा रहा है। रिटायर्ड कर्मियों को पेंशन देने में टालमटोल की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने मैनेजमेंट से पक्की भर्ती करने, ठेकेदारी सिस्टम को बंद करने, तमाम कैटेगरी की तरक्की में समानता लाने और बेरोजगार लाइनमैनों को नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग उठाई और चेतावनी दी कि अगर मांगों को जल्दी ही लागू ना किया तो संघर्ष तेज किया जाएगा। धरने को दर्शन सिंह, गुरजंट सिंह, हाक्म सिंह, नारायण दत्त, सुखजंट, जगदीश, गुरध्यान, साधू सिंह, बलौर सिंह ने संबोधित किया।
वीरवार को मांगों को लेकर एसई दफ्तर के सामने धरना लगाकर नारेबाजी करते बिजली कर्मी।