बेसहारा गायों को शहर छोड़ने रहे लोगों को गोरक्षा दल ने घेरा
वीरवारको बेसहारा गायों को सड़क पर पीटते हुए दौड़ा कर शहर छोड़ने रहे लोगों और गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में टकराव हो गया और हाथापाई तक हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस बेसहारा पशु छोड़ने पहुंचे लोगों को पकड़ने की बजाए तमाशबीन बनी रही। भड़के गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। पशुओं को शहर छोड़ने पहुंचे लोगों के साथ अकाली दल का मौजूदा सरपंच भी शामिल था, जिसे पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले गई। डीएसपी पलविंदर चीमां ने पहुंचकर गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को शांत किया।
वीरवार को बरनाला के मणिसर कोठे के मौजूदा अकाली दल के सरपंच परमजीत सिंह 15-16 लोगों के साथ करीब 50 बेसहारा पशु एकत्रित कर उन्हें पैदल शहर की सड़कों पर लोहे की राॅड से पीटते-पीटते दौड़ाकर शहर छोड़ने रहे थे तो इसकी भनक गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को लग गई। गो रक्षा दल पंजाब के महासचिव अनिल बांसल नाणा, मोनू गोयल, भुपिंदर जिंदल अपने साथियों के साथ पहुंचे और पशुओं को शहर छोड़ने पहुंचे लोगों का घेराव किया और हाथापाई तक हो गई।
2साल से नहीं बना कैटल प्वाइंट:गो रक्षादल पंजाब के महासचिव अनिल बांसल नाणा ने बताया कि सरकार ने सभी शहरों में कैटल प्वाइंट बनाने के लिए जगह खरीदी थी, जिसके तहत बरनाला के गांव मनाल में 13 एकड़ जगह पर कैटल प्वाइंट का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन 2 साल बाद भी इसका काम अधर में लटका है। काम पूरा हो जाए तो सारे बेसहारा पशुओं को इस कैटल प्वाइंट में छोड़ने के बाद समस्या का हल हो सकता है।
बरनाला में पुलिस प्रशासन खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन करते गोरक्षा दल के कार्यकर्ता।