डीजे पर झूमे शहरवासी, पतंगबाजी का लिया मजा
बसंतपंचमी पर शुक्रवार को शहर में खूब चहल-पहल रही। बच्चों, नौजवानों, युवतियों, महिलाओं के साथ-साथ नवविवाहित जोड़ों और बुजुर्गों ने सारा दिन पतंगबाजी का खूब लुत्फ उठाया। शहर में शुक्रवार को बसंत पंचमी पर दिनभर आसमान में रंग बिरंगी पतंगों का कब्जा जमा रहा। नौजवानों और युवतियों में पतंगबाजी का खुमार इस कदर चढ़ा कि तड़के-तड़के ही लोग पतंग और डोर लेकर अपने-अपने घरों की छत्तों पर जा चढ़े। दिनभर चक्क आइ बो, वो काटा, वो मारा के स्वर गूंजते रहे। शुक्रवार को बसंत पंचमी पर लोगों ने डीजे की धुन पर पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। नौजवानों ने दोपहर के खाने में तिल लड्डू, गाजर का हलवा, दाल-पकौड़ियां, समोसे और पीजा आदि व्यंजनों से मजा लिया।
बच्चोंने गैस के गुब्बारे उड़ाकर उठाया लुत्फ
छोटेबच्चे जोकि पतंग नहीं चला सके उन्होंने गैस के गुब्बारे आसमान में उड़ाकर लुत्फ उठाया। दिनभर गैस के गुब्बारों की भी काफी डिमांड रही। गैस का गुब्बारा जोकि आम दिनों में 20 रुपए तक का मिलता था आज वह 40 से लेकर 80 रुपए तक बिका।
बिजली की आंख मिचौली से मायूस हुए लोग
बसंतपंचमी पर बिजली की आंख मिचौली से युवा खासे परेशान दिखे। मोहित कुमार, सागर, सन्नी, राहुल, हन्नी और दीपक ने बताया कि आज बसंत पंचमी पर उन्होंने 3000 रुपए किराये पर डीजे किया था, किंतु सारा दिन बिजली की आंख मिचौली से उनका मजा किरकिरा हो गया।
लोगों ने मां सरस्वती की पूजा की
बसंतपंचमी पर जहां लोगों ने मां सरस्वती का पूजा की, वहीं लोगों ने धार्मिक मर्यादा अनुसार लोगों ने पीले रंग के मीठे चावल परिवार संग खाकर खूब लुत्फ उठाया। कहते हैं कि बसंत पंचमी पर पीले रंग का काफी महत्व होता है, इसलिए लोगों ने पीले रंग के चावल, पीला कपड़ा दान कर माथा टेका।
बरनाला में बसंत पंचमी पर अपने बच्चे को गैस के गुब्बारे से पतंगबाजी कराता शहरवासी गौतम कुमार।
शिअद यूथ के जिला प्रधान सौरव और भाजपा यूथ के जिला प्रधान डिंपल कांसल पतंगबाजी का लुत्फ उठाते हुए।
बरनाला में शुक्रवार को पतंगबाजी का लुत्फ उठाते युवा।
परिवार और मित्रों के साथ पतंगबाजी का लुत्फ उठाते जिला भट्ठा एसोसिएशन के प्रधान राजीव वर्मा रिंपी, संजीव वर्मा अन्य।
लिटिल एंजल स्कूल में मनाई बसंत पंचमी
बरनाला|लिटिलएंजल स्कूल में बसंत पंचमी और येलो-डे धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना से हुआ। प्रिसिंपल गीता अरोड़ा ने जहां बच्चों को बसंत पंचमी की बधाई दी। वहीं उन्हें इस त्योहार के बारे में बताया। आज के दिन पीले रंग की महत्ता से अवगत करवाया। इस अवसर पर बच्चों की प्रतियोगिताएं करवाई। डायरेक्टर प्रमोद अरोड़ा ने सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया।
बरनाला|सर्वहितकारी सीनियरसेकेंडरी विद्या मंदिर में बसंत पंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सुबह बच्चों ने मां सरस्वती की पूजा और आराधना की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मां सरस्वती ज्ञान, कला, बुद्धि और संगीत की देवी है। सरस्वती पूजा हमें प्रेरणा देती है कि प्रकृति की तरह जीवन भी उल्लासपूर्ण होना चाहिए। स्कूल प्रबंधक कमेटी प्रधान जीवन मोदी, दिनेशं, बाल मुकुंद, नरेश और नरेंदर ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।